अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ₹2 करोड़ में 20 बीघा जमीन खरीदने वाला था मुख्य आरोपी, पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा
Ayodhya Ram Mandir Theft Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी का आरोपी अनुकल्प मिश्र मंदिर के पैसों से 2 करोड़ की जमीन और स्कॉर्पियो खरीदने वाला था। पढ़ें पुलिस पूछताछ का बड़ा खुलासा।
अयोध्या: राम मंदिर के दान पात्र से चढ़ावा चोरी करने का मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्र मंदिर की रकम से करोड़ों की अचल संपत्ति बनाने की फिराक में था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने गांव के पास करीब 2 करोड़ रुपये में 20 बीघा जमीन खरीदने की तैयारी कर रहा था। जमीन का सौदा लगभग तय हो चुका था, लेकिन डील फाइनल होने से पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी महंगी गाड़ियों का शौकीन था और जल्द ही एक नई स्कॉर्पियो भी बुक करने वाला था।
परिक्रमा मार्ग के पास 2 करोड़ की जमीन पर थी नजर
पुलिस द्वारा अनुकल्प के पिता रवींद्र मिश्र से की गई पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मूल रूप से मिल्कीपुर के बसावां गांव का रहने वाला अनुकल्प पिछले डेढ़ साल से अयोध्या के कौशलपुरी में रह रहा था। जब गांव के पास 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण शुरू हुआ, तो उसने हाईवे किनारे भारी निवेश का मन बनाया। अप्रैल में गांव में भागवत कथा कराने के बहाने उसने कई प्रॉपर्टी डीलरों से संपर्क किया। वह एक ही जगह पर 20 बीघा जमीन चाहता था, जिसके लिए उसने डीलरों से कहा था कि “पैसा चाहे जितना लग जाए, जमीन परिक्रमा मार्ग के पास ही होनी चाहिए।”
नई गाड़ियों का शौक और अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा
चढ़ावे की रकम से आरोपी अनुकल्प मिश्र ने दो महीने पहले ही एक स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी थी। इसके अलावा वह एक स्कॉर्पियो भी लेने वाला था और शोरूम संचालक से बुकिंग को लेकर बात कर चुका था। जांच अधिकारियों के मुताबिक, अनुकल्प की तरह ही इस रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों ने भी चढ़ावा चोरी के पैसों से महंगी गाड़ियां और प्रॉपर्टी खरीदी हैं, जिनकी जांच चल रही है।
बता दें कि 5 जून को पहली बार यह मामला सामने आने के बाद 13 जून को एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था, जिसके बाद अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस बीच, आज सोमवार को होने वाली राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर भी बड़ा फैसला हो सकता है।




