भोपाल में बेखौफ बदमाश: नीलबड़ रोड के पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों से मारपीट, जान से मारने की धमकी
भोपाल के नीलबड़ रोड स्थित एचपीसीएल पेट्रोल पंप पर देर रात आई20 कार में सवार बदमाशों ने कर्मचारियों से मारपीट कर धमकी दी। घटना में दो कर्मचारी घायल हुए हैं और पूरी वारदात सीसीटीवी में दर्ज हो गई है।

भोपाल. राजधानी भोपाल के नीलबड़ रोड पर स्थित एचपीसीएल पेट्रोल पंप पर मंगलवार देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। आई20 कार में सवार होकर आए कुछ बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया।
मारपीट में दो कर्मचारी घायल, लूट की नीयत का आरोप
बदमाशों द्वारा की गई इस अचानक हिंसा में पेट्रोल पंप पर कार्यरत दो कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं। पेट्रोल पंप प्रबंधन के अनुसार, कार सवार बदमाश लूट की नीयत से वहां पहुंचे थे और विरोध करने पर उन्होंने हिंसा का सहारा लिया। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
डायल-112 की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
घटना के तुरंत बाद पेट्रोल पंप मैनेजर ने आपातकालीन सेवा डायल-112 पर संपर्क कर पुलिस को पूरी स्थिति से अवगत कराया। प्रबंधन का आरोप है कि पुलिस सहायता मिलने के बजाय उन्हें जवाब दिया गया कि पुलिस टीम सुबह मौके पर आएगी। इस रवैये को लेकर स्थानीय प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना दर्ज हो गई है। फुटेज में बदमाशों की कार और उनके द्वारा की गई मारपीट की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच और आरोपियों की पहचान में जुट गई है।



