मध्य प्रदेश

बरगी बांध के गेट आज शाम 6 बजे खुलेंगे, नर्मदा घाटों पर 3 से 4 फीट बढ़ सकता है जलस्तर

जबलपुर के बरगी बांध का जलस्तर 422.90 मीटर पहुंच गया है। बांध में 101.16 प्रतिशत जल भंडारण के बीच 25 सितंबर शाम 6 बजे 780 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा। नर्मदा घाटों पर जलस्तर 3 से 4 फीट बढ़ने की संभावना है।

जबलपुर। रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना के बरगी बांध में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए शुक्रवार 25 सितंबर 2026 की शाम 6 बजे जलद्वार खोले जाएंगे। परियोजना प्रशासन के अनुसार बांध से करीब 780 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा। इससे मां नर्मदा के घाटों पर जलस्तर में लगभग 3 से 4 फीट तक की वृद्धि होने की संभावना है।

बांध में 101 प्रतिशत से अधिक जल भंडारण

परियोजना प्रशासन द्वारा दोपहर 3 बजे दर्ज आंकड़ों के मुताबिक बरगी बांध का जलस्तर 422.90 मीटर पहुंच गया है। बांध की वास्तविक उपयोगी जल भंडारण क्षमता 3180 एमसीएम है, जबकि वर्तमान में करीब 3217 एमसीएम यानी 101.16 प्रतिशत पानी संग्रहित है। इस समय बांध में पानी की आवक करीब 763 क्यूमेक दर्ज की गई।

पहले 400 क्यूमेक पानी छोड़ने की थी संभावना

सुबह जारी सूचना में बांध का जलस्तर 422.85 मीटर दर्ज किया गया था और पानी की आवक 362 क्यूमेक बताई गई थी। उस समय जलभराव क्षेत्र में बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए आगामी 24 घंटे में करीब 400 क्यूमेक पानी छोड़ने की संभावना जताई गई थी। बाद में पानी की आवक बढ़ने के कारण शाम के लिए निकासी की मात्रा बढ़ाकर 780 क्यूमेक कर दी गई।

नर्मदा घाटों पर 3 से 4 फीट बढ़ सकता है पानी

बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद मां नर्मदा के घाटों पर जलस्तर बढ़ने की संभावना है। परियोजना प्रशासन ने अनुमान जताया है कि घाटों पर करीब 3 से 4 फीट तक जलस्तर बढ़ सकता है। पानी की आवक में बदलाव के अनुसार बांध से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा को भी आवश्यकता के मुताबिक घटाया या बढ़ाया जा सकता है।

नर्मदा किनारे जाने वालों से सतर्क रहने की अपील

बरगी बांध प्रशासन ने आम लोगों से मां नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया है। जलद्वार खुलने के बाद नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए घाटों और नदी के आसपास गतिविधियों के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button