पाक डिप्टी PM का करीबी निकला गैंगरेप का मास्टरमाइंड, विदेशी महिलाओं को बंधक बना लूटी आबरू
पाकिस्तान के लाहौर में नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो महिलाओं से गैंगरेप। डिप्टी पीएम इशाक डार का करीबी रिश्तेदार मोहम्मद रजा डार मुख्य आरोपी गिरफ्तार। पूरी खबर पढ़ें।
लाहौर. पाकिस्तान के लाहौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो विदेशी महिलाओं का अपहरण कर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस हाई-प्रोफाइल मामले का मुख्य आरोपी कोई और नहीं, बल्कि पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार का बेहद करीबी रिश्तेदार मोहम्मद रजा डार है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
स्पेन से आए एक फोन कॉल ने बचाई जान
वेनेजुएला और नीदरलैंड की रहने वाली ये महिलाएं 29 जून को लाहौर पहुंची थीं, जहां से इन्हें बंधक बना लिया गया। महिलाओं की जान तब बची जब एक पीड़िता के पिता ने स्पेन से पाकिस्तानी अधिकारियों को इमरजेंसी कॉल कर बेटी की जान खतरे में होने की सूचना दी। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर दोनों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित महिलाएं अक्टूबर 2025 से सिंगापुर में एक क्रिप्टोकरेंसी वेंचर में बिजनेस पार्टनर थे। आरोपी ने उन्हें बिजनेस वीजा पर पाकिस्तान बुलाया और फिरौती के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।




