कटनी में खौफ का साया: मुकेश गुप्ता के हमलावर बेसुराग, अब मैगी प्वाइंट पर खूनी खेल!
कटनी के माधवनगर में मुकेश गुप्ता पर हुए जानलेवा हमले के आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इसी बीच मैगी प्वाइंट ढाबे पर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कटनी. माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित विश्राम बाबा काली मंदिर के पास शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी भाइयों मुकेश गुप्ता, राहुल गुप्ता और उनके चालक पर जानलेवा हमला हुआ था। इस सुनियोजित हमले को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी पुलिस की गिरफ्त से लगातार बाहर चल रहे हैं। अभी पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझा भी नहीं पाई थी कि इसी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ अपराधियों ने हत्या के प्रयास की एक और सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे दिया।
मैगी प्वाइंट ढाबे पर चाकूबाजी से मचा हड़कंप
ताजा घटनाक्रम में माधवनगर बायपास पर स्थित प्रसिद्ध मैगी प्वाइंट ढाबे के सामने बदमाशों ने फिर से खूनी खेल खेला। यहां तीन से चार अज्ञात बदमाशों ने अचानक एक युवक को घेरकर उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। सरेराह हुई इस हिंसा से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों में गहरा रोष व्यापत हो गया है, क्योंकि अपराधी बिना किसी डर के एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
क्या दोनों जानलेवा हमलों के पीछे एक ही गिरोह?
मैगी प्वाइंट ढाबे के पास हुई इस नई वारदात के बाद शहर के प्रबुद्ध और प्रतिष्ठित वर्ग में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय नागरिक यह अंदेशा जता रहे हैं कि कहीं कारोबारी गुप्ता बंधुओं पर हमला करके फरार हुए बदमाशों ने ही तो इस दूसरी घटना को अंजाम नहीं दिया है? हालांकि, वारदात में शामिल हमलावर कौन थे और उनका मकसद क्या था, इसका खुलासा नहीं हो सका है। दोनों घटनाओं के तार आपस में जुड़े हैं या नहीं, यह अब पुलिस जांच का मुख्य बिंदु बन गया है।
पेट और हाथ पर किए चाकू से ताबड़तोड़ वार
इस खूनी वारदात का शिकार बरगवां निवासी 35 वर्षीय नीरज श्रीवास (पिता संतोष श्रीवास) हुआ है। मैगी प्वाइंट ढाबे के सामने अज्ञात हमलावरों ने नीरज पर अचानक चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने सीधे नीरज के पेट में चाकू घोंपने की कोशिश की, जब पीड़ित ने खुद को बचाने का प्रयास किया तो उसकी कलाई पर भी गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
BNS की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296(बी), 118(1), 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही दोनों मामलों के आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




