छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ विधानसभा में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान, जनप्रतिनिधियों ने किया वृहद पौधरोपण

छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और जनभागीदारी का संदेश दिया।

रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के अंतर्गत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, दोनों उपमुख्यमंत्री, संसदीय कार्य मंत्री सहित सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने अभियान के विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।

रुद्राक्ष का पौधा लगाकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर रुद्राक्ष का पौधा रोपा और कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब देशभर में जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि अपनी मां के नाम पर लगाया गया पौधा केवल हरियाली का प्रतीक नहीं होता, बल्कि उसके साथ भावनात्मक जुड़ाव भी बनता है, जिससे लोग उसके संरक्षण के लिए स्वयं प्रेरित होते हैं। यही भावना इस अभियान को स्थायी और प्रभावी बनाती है।

विधानसभा से पूरे प्रदेश को मिला प्रेरक संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा परिसर में जनप्रतिनिधियों द्वारा अपनी माताओं के नाम पर पौधारोपण करना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। उनका मानना है कि इस आयोजन से पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति नई जागरूकता पैदा होगी। उन्होंने इस पहल के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की सराहना करते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

जलवायु परिवर्तन से मुकाबले में वृक्षारोपण की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित वर्षा और जैव विविधता में कमी जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में वृक्षारोपण केवल पर्यावरणीय गतिविधि नहीं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का मजबूत आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करने का आग्रह किया।

हरित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वन संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और जनभागीदारी आधारित अभियानों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान गांवों, शहरों और हर परिवार तक पहुंचेगा तथा पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी और जनआंदोलन का स्वरूप देगा।

सभी जनप्रतिनिधियों ने लिया संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा के सभी सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, वन विभाग के प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बनकर उभरी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button