दिल्ली. दिल्ली सरकार के कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। सरकार ने बुधवार और शनिवार को मिलने वाली ‘वर्क फ्रॉम होम’ (Work From Home) की व्यवस्था को पूरी तरह खत्म करने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, जियो-पॉलिटिकल (भू-राजनीतिक) हालात सामान्य होने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस नीति को वापस लेने का फैसला किया है। इस संबंध में आज औपचारिक आदेश जारी होने की संभावना है।
दफ्तरों के समय में हुआ बदलाव, जानें नया शेड्यूल
वर्क फ्रॉम होम खत्म करने के साथ ही दिल्ली सरकार ने ऑफिस की टाइमिंग में भी बदलाव किया है। नए शेड्यूल के मुताबिक, दिल्ली सरकार के दफ्तर अब सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुलेंगे। हालांकि, दिल्ली नगर निगम (MCD) के दफ्तरों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है; वे पहले की तरह ही सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक काम करेंगे।
मई में लागू हुए थे ईंधन बचाने के कड़े उपाय
सरकार का यह फैसला पहले लागू किए गए मितव्ययिता (खर्च में कटौती) और ईंधन बचाने वाले उपायों को वापस लेने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे पहले, मई में पश्चिम एशिया के संघर्ष और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदूषण कम करने, ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने और ईंधन बचाने के लिए इन प्रशासनिक पहलों की शुरुआत की थी। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक मजबूती वाली अपील के बाद उठाया गया था।
‘नो व्हीकल डे’ और ‘मेट्रो मंडे’ जैसी पहल हुई थीं शुरू
मई में जारी आदेश के तहत दिल्ली सरकार ने सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम के साथ-साथ ‘मेट्रो मंडे’ जैसी पहल शुरू की थी, जिसमें मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया था। इसके अलावा, मंत्रियों के विदेशी दौरों पर एक साल की रोक और नई गाड़ियों की खरीद पर छह महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। अब स्थिति स्थिर होने के बाद, सरकार ने शहर के ट्रैफिक को मैनेज करने के लिए अलग-अलग टाइमिंग फॉर्मेट को बरकरार रखते हुए कामकाज को सामान्य करने का फैसला किया है।




