नितिन नवीन पर टिप्पणी के बाद छिड़ा ‘X’ वॉर, बीजेपी बोली- अहंकार सातवें आसमान पर
अरविंद केजरीवाल और BJP के बीच जुबानी जंग तेज। केजरीवाल के 'आप कौन हैं?' वाले बयान पर अमित मालवीय और रेखा गुप्ता ने याद दिलाई नई दिल्ली सीट की हार। जानें पूरा विवाद।
दिल्ली. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच जुबानी जंग एक बार फिर चरम पर है। राम मंदिर के मुद्दे पर शुरू हुआ विवाद अब व्यक्तिगत हमलों और पुरानी चुनावी हार-जीत के दावों तक पहुंच गया है। केजरीवाल द्वारा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पहचान पर सवाल उठाने के बाद, बीजेपी नेताओं ने पलटवार करते हुए उन्हें नई दिल्ली सीट पर मिली हार की टीस याद दिला दी है।
‘आप कौन हैं?’ कहने पर अमित मालवीय का तीखा पलटवार
विवाद की शुरुआत तब हुई जब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केजरीवाल पर हिंदुओं को झांसे में लेने का आरोप लगाया। इस पर पलटवार करते हुए अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिख दिया, ‘आप कौन हैं?’
केजरीवाल के इस सवाल पर बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय भड़क गए। उन्होंने केजरीवाल को घेरते हुए कहा, “नितिन नवीन उस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिसने तुम्हें नई दिल्ली विधानसभा से हराया था और फिर तुम अपना मुंह छिपाकर पंजाब भाग गए थे। कुछ याद आया?”
वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी केजरीवाल के इस बयान को उनका अहंकार बताया। रेखा गुप्ता ने नितिन नवीन का परिचय देते हुए कहा कि वह विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और चार बार के विधायक व मौजूदा राज्यसभा सांसद हैं। उन्होंने केजरीवाल की तुलना ममता बनर्जी के पुराने बयान ‘कौन अमित शाह?’ से करते हुए कहा कि अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका।
दूसरी तरफ, ‘आप’ नेता सौरभ भारद्वाज ने पलटवार करते हुए बीजेपी पर चुनाव चोरी करने का आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी की औकात केजरीवाल को नई दिल्ली में हराने की नहीं थी, उन्होंने पैसे और साड़ियां बांटकर चुनाव चुराया है।




