एमपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 9 आईपीएस अफसरों के तबादले, रुचि वर्धन मिश्रा बनीं भोपाल ग्रामीण आईजी
मध्य प्रदेश शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 सीनियर आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। रुचि वर्धन मिश्रा भोपाल ग्रामीण की नई आईजी बनी हैं, पूरी सूची देखें।

भोपाल. मध्य प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात 9 वरिष्ठ आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी इस सूची के तहत भोपाल ग्रामीण, सागर और नर्मदापुरम को नए आईजी (IG) मिले हैं, जबकि शाजापुर और शहडोल जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को भी बदला गया है।
रुचि वर्धन बनीं भोपाल ग्रामीण आईजी, मिथिलेश शुक्ला को सागर की कमान
आदेश के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय (PHQ) में आईजी प्रशासन के पद पर तैनात रुचि वर्धन मिश्रा को अब आईजी ग्रामीण जोन भोपाल की नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, नर्मदापुरम जोन के आईजी मिथिलेश शुक्ला को अब सागर रेंज का फुल टाइम आईजी बनाया गया है। मिथिलेश शुक्ला के सागर ट्रांसफर होने के बाद खाली हुए नर्मदापुरम जोन के आईजी पद पर चंद्रशेखर सोलंकी को पदस्थ किया गया है, जो अब तक इंदौर एसएएफ (SAF) रेंज में थे। इसके साथ ही, आईजी एससीआरबी हरिनारायण चारी मिश्रा को अब पुलिस मुख्यालय में आईजी प्रशासन बनाया गया है।
शाजापुर और शहडोल के एसपी बदले, सिमाला प्रसाद बनीं खरगोन डीआईजी
इस फेरबदल में दो जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं। संजय कुमार अग्रवाल को शहडोल का नया एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि शहडोल के निवर्तमान एसपी रामजी श्रीवास्तव को एआईजी बनाकर पुलिस अकादमी भौंरी भेजा गया है। इसी तरह, प्रियंका शुक्ला को शाजापुर का नया एसपी बनाया गया है, और शाजापुर के मौजूदा एसपी यशपाल सिंह राजपूत को पुलिस अधीक्षक रेल, इंदौर की कमान सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त, आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद को पदोन्नति के बाद डीआईजी खरगोन रेंज के पद पर तैनात किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिले अतिरिक्त प्रभार
प्रशासनिक मजबूती के लिए कुछ सीनियर अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ स्पेशल डीजी दूरसंचार (पीएचक्यू) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, इंदौर ग्रामीण जोन के आईजी अनुराग को अब अपने मौजूदा कार्य के साथ-साथ आईजी एसएएफ इंदौर रेंज और आईजी आरएपीटीसी इंदौर का अतिरिक्त जिम्मा संभालना होगा।




