Shashank Singh Break Silence: ‘मुझसे बस एक गलती हो गई…’, कुक को पीटने के आरोप पर क्रिकेटर शशांक सिंह ने तोड़ी चुप्पी!
पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर शशांक सिंह (Shashank Singh) ने कुक को पीटने और बंधक बनाने के आरोपों पर चुप्पी तोड़ी है। जानें शशांक सिंह ने FIR के बाद अपनी किस बड़ी गलती का खुलासा किया।
भोपाल: पंजाब किंग्स (PBKS) के स्टार ऑलराउंडर शशांक सिंह और उनके रिटायर्ड IPS पिता शैलेश सिंह पर उनके ही पूर्व कुक ने मारपीट और बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए भोपाल के रातीबड़ थाने में FIR दर्ज कराई है। अब इस पूरे विवाद पर क्रिकेटर शशांक सिंह ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। शशांक ने कुक के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने कोई मारपीट नहीं की, बल्कि भावुक होकर एक ऐसी गलती कर दी जिसका पछतावा उन्हें अब हो रहा है।
‘बावर्ची बनकर आया था, लेकिन उसे खाना बनाना नहीं आता था’
क्रिकेटर शशांक सिंह ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, “हमने उसे बंधक नहीं बनाया। वह सिर्फ दो दिन के लिए हमारे घर आया था। वह खुद को बावर्ची बताकर आया था, लेकिन सच यह है कि उसे खाना बनाना बिल्कुल नहीं आता था। वह बस घर में मौज-मस्ती कर रहा था। वह बिना इजाजत मेरे कमरे में जाता था और मेरे सामान व घर की तस्वीरें और वीडियो बना रहा था। जब आप खाना बनाने आए हो, तो ये सब क्यों कर रहे थे? हमें शक है कि वह चोरी के इरादे से आया था, हमारे घर से चांदी के गणपति जी भी गायब हैं।”
‘फोन छीनने की बात झूठ, मां ने सिर्फ घर के वीडियो डिलीट करवाए’
कुक विपेंद्र सिंह तोमर द्वारा लगाए गए फोन छीनने के आरोपों पर शशांक ने सफाई दी। उन्होंने कहा, “हम उसका मोबाइल छीनकर क्या करेंगे? हां, मेरी मम्मी ने उसके फोन से हमारे घर की जो तस्वीरें और वीडियो उसने चोरी-छिपे ली थीं, उन्हें जरूर डिलीट करवाया। जब वह घर से जा रहा था, तब मेरे पापा ने बाकायदा उसका वीडियो बनाया और कहा कि तुम जा रहे हो तो किसी को कॉल कर लो, ताकि रास्ते में गायब होने का नाटक न कर सको। उस वक्त उसके पास फोन था, जिसका सबूत हमारे पास है।”
क्रिकेटर को किस गलती का हो रहा है अहसास?
शशांक ने बताया कि आखिर उनसे कहाँ चूक हुई। उन्होंने कहा, “जब हमने उसे चोरी-छिपे वीडियो बनाते पकड़ा, तो मेरी बहन ने तुरंत 100 नंबर पर पुलिस को फोन करने के लिए कहा था। लेकिन वह रोने लगा और बोला कि मैं गरीब आदमी हूँ, मेरी मां बीमार है, मुझे जाने दो। मैं इमोशनल हो गया और मम्मी से कहा कि इसे जाने दीजिए। यही मेरी सबसे बड़ी गलती थी, जिसका अहसास मुझे आज हो रहा है। अगर उस वक्त पुलिस बुला ली होती, तो आज वो बाहर जाकर यह झूठी कहानी नहीं गढ़ता।”
‘हाथापाई तो दूर, मैं गाली देने से भी कतराता हूँ’
शशांक ने बताया कि यह कुक रीवा से किसी परिचित के जरिए आया था। उन्होंने इसे एक बड़ी सीख बताते हुए कहा, “आमतौर पर मैं वेरिफाइड एजेंसी से ही स्टाफ रखता हूँ, लेकिन किसी की मजबूरी देखकर हमने भरोसा कर लिया। बाद में जब पापा ने उसका बैकग्राउंड चेक करवाया तो पता चला कि वह नशे का आदी है। हमें उसका बैकग्राउंड पहले ही चेक करवा लेना चाहिए था। जो लोग मुझे जानते हैं, उन्हें अच्छे से पता है कि हाथापाई तो बहुत दूर की बात है, मैं गाली-गलौज करने से भी कतराता हूँ।” फिलहाल इस मामले में पुलिस ने अभी तक शशांक या उनके परिवार से संपर्क नहीं किया है।




