वेनेजुएला में महाविनाश: भूकंप से अब तक 1430 मौतें, मलबे में दफन जिंदगी… 68 हजार से ज्यादा लोग लापता
वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप में अब तक 1430 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 68,000 से ज्यादा लोग लापता हैं। राजधानी कराकास सहित देश के उत्तरी तट पर तबाही की पूरी ग्राउंड रिपोर्ट पढ़ें।
कराकास. दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला इस समय सदी की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। 25 जून को आए दो विनाशकारी भूकंप के झटकों ने हजारों हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक मलबे से 1,430 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 68,900 से अधिक लोग लापता हैं। राजधानी कराकास सहित देश के उत्तरी तट पर अभी भी लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स (भूकंप के झटके) ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है।
अपनों की तलाश में जुटे लोग, 3300 से ज्यादा घायल
भूकंप प्रभावित क्षेत्रों, खासकर ला ग्वायरा राज्य में दिल दहला देने वाले मंजर सामने आ रहे हैं। राहत टीमों की भारी कमी के कारण स्थानीय लोग खुद ही फावड़ों, रस्सियों और अपने नंगे हाथों से कंक्रीट का भारी मलबा हटाने को मजबूर हैं। आपदा में अब तक 3,360 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि, तमाम मुश्किलों के बीच शनिवार को करीब 250 लोगों को मलबे से जिंदा सुरक्षित निकाला गया है।
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागरिकों से ला गुआइरा राज्य की यात्रा न करने की अपील की है ताकि पुलिस, दमकल और सिविल प्रोटेक्शन की गाड़ियां बिना किसी रुकावट के बचाव कार्य स्थल तक पहुंच सकें।
जमींदोज हुईं 1000 इमारतें, मुख्य एयरपोर्ट और बंदरगाह प्रभावित
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के तेज झटकों के कारण देश के सबसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे तबाह हो गए हैं। सैकड़ों बहुमंजिला इमारतें, अस्पताल और शॉपिंग सेंटर पूरी तरह ताश के पत्तों की तरह ढह गए हैं, जबकि लगभग 1,000 से अधिक इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।
सबसे ज्यादा तबाही ‘ला गुएरा’ क्षेत्र में हुई है, जहां देश का मुख्य बंदरगाह और सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थित है। इसके अलावा राजधानी के पॉश इलाकों जैसे लॉस पालोस ग्रांडेस और अल्तामिरा में भी भारी नुकसान हुआ है।
वेनेजुएला की मदद के लिए आगे आई दुनिया, अमेरिका ने भेजा युद्धपोत
इस महासंकट की घड़ी में संयुक्त राष्ट्र (UN) के मानवीय मामलों के प्रमुख टॉम फ्लेचर ने वेनेजुएला के लिए एक बड़े वैश्विक सहायता अभियान की घोषणा की है। अमेरिका, ब्रिटेन, नीदरलैंड, मैक्सिको और स्विट्जरलैंड ने अपनी आधुनिक खोजी टीमें, प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड और ड्रोन भेजे हैं। संकट को देखते हुए अमेरिका ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए युद्धपोत, परिवहन विमान के साथ ही 15 करोड़ डॉलर (करीब 1,415 करोड़ रुपये) की आपातकालीन वित्तीय सहायता देने का भी ऐलान किया है।




