स्कूल बना रणक्षेत्र: टंबलर रिज में फायरिंग से 9 की जान गई, कई घायल
कनाडा के टंबलर रिज, ब्रिटिश कोलंबिया में सेकेंडरी स्कूल और एक घर में गोलीबारी की घटना। हमलावर समेत 7 की मौत, 25 घायल। RCMP की मेजर क्राइम यूनिट जांच में जुटी।

टंबलर रिज, ब्रिटिश कोलंबिया (कनाडा). Tumbler Ridge शहर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार दोपहर एक माध्यमिक स्कूल और एक रिहायशी घर में गोलीबारी की घटना में हमलावर समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
Royal Canadian Mounted Police (RCMP) के अनुसार, दोपहर लगभग 1:20 बजे ‘Tumbler Ridge Secondary School’ में सक्रिय शूटर की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल इलाके में ‘Police Initiated Public Alert (PIPA)’ जारी कर स्कूल परिसर को घेर लिया।
स्कूल के अंदर मिले 7 शव
स्कूल में प्रवेश करने के बाद पुलिस अधिकारियों को 7 लोगों के शव मिले। अधिकारियों ने बताया कि एक संदिग्ध के मारे जाने की आशंका है, हालांकि इस बात की जांच जारी है कि क्या इस घटना में कोई अन्य हमलावर भी शामिल था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अभिभावकों में चिंता फैल गई।
घर से भी बरामद हुए शव
जांच में पता चला कि स्कूल में हुई फायरिंग के तार एक स्थानीय निवास से जुड़े हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को एक घर से दो और शव बरामद हुए। स्थिति नियंत्रण में आने के बाद शाम करीब 5:45 बजे पब्लिक अलर्ट वापस ले लिया गया। पुलिस अब हमलावर के मकसद और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
मेजर क्राइम यूनिट ने संभाली जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए RCMP की ‘BC Major Crime’ यूनिट ने जांच की कमान संभाल ली है। इलाके में इमरजेंसी रिस्पांस टीम, फ्रंटलाइन अधिकारी और विक्टिम सर्विसेज की टीमें तैनात की गई हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को मानसिक और सामाजिक सहायता दी जा सके।
करीब 2400 की आबादी वाले इस कस्बे के लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। पड़ोसी इलाकों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
सुरक्षा के चलते स्कूल बंद
एहतियात के तौर पर टंबलर रिज के सेकेंडरी और एलिमेंट्री स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। स्थानीय विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने बताया कि समुदाय की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और एम्बुलेंस टीमें तैनात हैं। उन्होंने सुरक्षा कारणों से फिलहाल अधिक जानकारी साझा करने से इनकार किया है, ताकि चल रहे ऑपरेशन में किसी प्रकार की बाधा न आए।




