ग्वालियर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान की शुरुआत, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली स्वच्छता की शपथ
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय और रतलाम, उज्जैन व शिवपुरी उपक्षेत्रीय कार्यालयों में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है।
ग्वालियर। भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर और इसके अधीन रतलाम, उज्जैन तथा शिवपुरी स्थित उपक्षेत्रीय कार्यालयों में स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत- विकसित भारत” रखी गई है। अभियान की शुरुआत क्षेत्रीय प्रमुख गजेंद्र सोनी, निदेशक भारतीय सांख्यिकीय सेवा द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर की गई।
ग्वालियर में निकाली गई स्वच्छता रैली
अभियान के तहत ग्वालियर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में स्वच्छता रैली आयोजित की गई। रैली के माध्यम से व्यक्तिगत और सामूहिक स्वच्छता की जिम्मेदारी के साथ स्वच्छ वातावरण के महत्व का संदेश दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने रैली में हिस्सा लेकर स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा साफ-सुथरे और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक उपयोग पर जोर
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान कार्यालय परिसर और कार्यस्थल को साफ रखने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें नियमित साफ-सफाई, कचरे के उचित निस्तारण, कचरा प्रबंधन तथा गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण जैसे विषय शामिल हैं। साथ ही प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग को कम करने के लिए भी जागरूकता गतिविधियां की जाएंगी।
ई-कचरे की छंटाई का अभियान
अभियान के अंतर्गत ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय में अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक और विद्युत सामग्री का निरीक्षण एवं छंटाई की गई। इसमें पुराने और अनुपयोगी प्रिंटर कार्ट्रिज, खराब की-बोर्ड, एसएमपीएस तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री को चिन्हित कर अलग करने की प्रक्रिया शामिल है। इसका उद्देश्य कार्यालय में जमा अनुपयोगी ई-कचरे के उचित प्रबंधन और निस्तारण की दिशा में कदम उठाना है।
2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026 को ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय और इसके अधीन उपक्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से अभियान के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।




