बॉक्स ऑफिस पर ‘मैं वापस आऊंगा’ का धमाका, दूसरे संडे की कमाई देख उड़े सबके होश!
इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त वापसी की है। दिलजीत दोसांझ और शरवरी स्टारर इस फिल्म ने दूसरे रविवार को अब तक की सबसे बड़ी कमाई की। जानें कलेक्शन के आंकड़े।
सैकनिल्क (Sacnilk) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मैं वापस आऊंगा’ ने अपने दूसरे रविवार को 5.75 करोड़ रुपये का धांसू कलेक्शन किया है। यह फिल्म की रिलीज से लेकर अब तक की सबसे बड़ी सिंगल डे कमाई है। चौंकाने वाली बात यह है कि फिल्म ने अपने पहले रविवार (2.50 करोड़ रुपये) के मुकाबले दूसरे रविवार को दोगुनी से भी ज्यादा कमाई की है। दमदार वर्ड ऑफ माउथ के बूते अब फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 24.25 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 29 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
‘कॉकटेल 2’ के तूफान के बीच भी बढ़ी थिएटर्स में डिमांड
बॉक्स ऑफिस पर इस समय शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर बड़ी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ का जलवा है। इस बड़े मुकाबले के बावजूद दर्शकों के बीच ‘मैं वापस आऊंगा’ का क्रेज कम नहीं हुआ है। आलम यह है कि दर्शकों की भारी डिमांड को देखते हुए कई बड़े शहरों के सिनेमाघरों में फिल्म के एक्स्ट्रा शोज बढ़ाए गए हैं।
क्यों भावुक हो रहे हैं दर्शक? जानें फिल्म की कहानी
इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी एक 95 साल के बुजुर्ग व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे स्ट्रोक आने के बाद सिर्फ अपने पुराने दिन याद रहते हैं। वह हर हाल में पाकिस्तान जाने की जिद पर अड़ा है और उसकी यादें बार-बार भारत-पाकिस्तान बंटवारे के उस दर्दनाक दौर में लौट जाती हैं।
फिल्म में उनका पोता उनके इन अधूरे किस्सों और यादों के बिखरे पन्नों को जोड़ने की कोशिश करता है। फिल्म बेहद खूबसूरती से यह बयां करती है कि सरहदें खिंच जाने के दशकों बाद भी इंसानी जज्बात, मोहब्बत और अपनों को खोने का दर्द कभी खत्म नहीं होता।




