छत्तीसगढ़

CM विष्णुदेव साय ने दिखाई हरी झंडी: छत्तीसगढ़ से 1000 दिग्गज सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के लिए रवाना, बाबा को चढ़ेगी पावन माटी

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से 'सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा' की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। 1000 से अधिक पद्मश्री, कलाकार और साहित्यकार सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए रवाना हुए।

रायपुर: छत्तीसगढ़ में धार्मिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण को एक नया आयाम देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने ‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा’ का भव्य शुभारंभ किया। इस विशेष ट्रेन से प्रदेश के 1000 से अधिक विशिष्टजन, पद्मश्री, राष्ट्रीय और राज्य सम्मान से सम्मानित कलाकार एवं साहित्यकार रवाना हुए हैं।

‘सोमनाथ मंदिर हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान और आस्था का केंद्र’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा, “सोमनाथ मंदिर हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और अटूट आस्था का प्रमुख केन्द्र है। इतिहास में अनेक बार आक्रांताओं ने इस पवित्र मंदिर को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन हर बार यह और भव्यता के साथ खड़ा हुआ। यह देशवासियों की अटूट आस्था का ही जीवंत परिणाम है।”

उन्होंने इस दौरान लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि आजादी के बाद उन्होंने ही इस मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था और 75 वर्ष पूर्व देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने इसे राष्ट्र को समर्पित किया था।

बाबा सोमनाथ को अर्पित होगी छत्तीसगढ़ के शिवालयों की पावन माटी और जल

इस यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें शामिल श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के शिवालयों की पावन माटी और पवित्र नदियों का जल कलश अपने साथ लेकर गए हैं। इसे बाबा सोमनाथ के चरणों में अर्पित किया जाएगा, जो भारत की सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित करता है। मुख्यमंत्री ने भगवान सोमनाथ से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

देशभर में मनाया जा रहा है ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ को राष्ट्रीय स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस भव्य यात्रा का आयोजन किया गया है।

इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक अनुज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button