President Kuno Visit: कूनो में चीता परिवार को देख निहाल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, ग्वालियर से दिल्ली के लिए हुईं रवाना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क का दो दिवसीय दौरा संपन्न कर दिल्ली लौट गई हैं। कूनो सफारी के दौरान उन्होंने चीता और उनके शावकों को बेहद नजदीक से देखा।

ग्वालियर. देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्य प्रदेश के अपने दो दिवसीय बेहद खास दौरे को संपन्न कर दिल्ली लौट गई हैं। 22 जून (सोमवार) को सुबह कूनो नेशनल पार्क में चीता सफारी का आनंद लेने के बाद राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से सीधे ग्वालियर के महाराजपुरा वायुसेना विमानतल पहुंचीं। यहाँ से सुबह 10:35 बजे वे वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुईं। उनके साथ मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी ग्वालियर आए। एयरपोर्ट पर तमाम मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी और भव्य विदाई दी।
कूनो सफारी में चीता और शावकों को बेहद करीब से निहारा
इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार की सुबह कूनो नेशनल पार्क के जंगलों का भ्रमण किया। दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन उन्होंने चीता सफारी का रुख किया, जहां उन्होंने कूनो के जंगलों में स्वच्छंद घूम रहे चीतों और उनके नन्हे शावकों को बेहद नजदीक से देखा और इस अद्भुत अनुभव को कैमरों में भी कैद करवाया।
चीता मित्रों, सफारी ड्राइवर्स और गाइड्स से की खास चर्चा
जंगल सफारी का आनंद लेने के बाद राष्ट्रपति ने स्थानीय आदिवासी समाज से आने वाले ‘चीता मित्रों’, कूनो के सफारी ड्राइवरों और गाइड्स से बेहद आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने कूनो वन्यजीव प्रबंधन और चीता प्रोजेक्ट में जमीनी स्तर पर काम कर रहे इन लोगों के योगदान को सराहा। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने श्योपुर जिले की लोक संस्कृति और पहचान से जुड़े विशेष स्मृति चिह्न और उपहार भी महामहिम को भेंट किए।
ग्वालियर एयरपोर्ट पर दिग्गजों ने दी विदाई
ग्वालियर के एयरफोर्स स्टेशन पर राष्ट्रपति को विदा करने के लिए मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, जल संसाधन एवं जिला प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह और महापौर शोभा सिकरवार मुख्य रूप से मौजूद रहे।
इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, डीजी होमगार्ड प्रज्ञा रिचा श्रीवास्तव सहित संभागीय आयुक्त, आईजी, डीआईजी, कलेक्टर और एसपी सहित वायुसेना के आला अधिकारी भी विदाई समारोह का हिस्सा बने।




