मध्य प्रदेश

योग दिवस 2026: जबलपुर में राष्ट्रपति मुर्मु का बड़ा संदेश- ‘वैश्विक चुनौतियों के बीच योग मानवता का रक्षक’

International Yoga Day 2026 Jabalpur: जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और सीएम डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में राज्यस्तरीय योग दिवस का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति ने कहा कि योग विश्व समुदाय को भारत का अमूल्य उपहार है।

जबलपुर. 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड में राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने करीब 5 हजार योग साधकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि योग हमारी महान सांस्कृतिक धरोहर का एक अनमोल उपहार है, जिसने मानवता को स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन का मार्ग प्रदान किया है।

“योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर राष्ट्रपति का जोर

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की विशेष थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (Yoga for Healthy Aging) रखी गई है। राष्ट्रपति मुर्मु ने इस थीम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा “यह थीम समाज के वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, सक्रियता, आत्मनिर्भरता और गरिमापूर्ण जीवन में योग की उपयोगिता को रेखांकित करती है। आज की व्यस्त जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम और समग्र स्वास्थ्य के लिए योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।”

रोजाना 20-30 मिनट योग को बनाएं जीवन का धन: राज्यपाल मंगुभाई पटेल

कार्यक्रम में मौजूद मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि रोजाना केवल 20 से 30 मिनट का योगाभ्यास, ध्यान और प्राणायाम हमारे जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे सरल माध्यम है। स्वस्थ तन और प्रसन्न मन के साथ योग ही ‘विकसित भारत’ का असली पथ है।

वैश्विक शांति के लिए योग एकमात्र उपाय: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आदि देव भगवान शंकर और महर्षि पतंजलि को नमन करते हुए कहा कि आज दुनिया के करीब 200 से अधिक देशों में योगाभ्यास हो रहा है, जो भारत की गौरवशाली संस्कृति का प्रतीक है। पीएम मोदी के नेतृत्व में इस वर्ष करीब 30 से 35 करोड़ लोग इस अभियान से जुड़े हैं।

सीएम डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश की आध्यात्मिक महत्ता को याद करते हुए कहा कि एमपी योगियों की तपोस्थली रही है और स्वयं योगेश्वर श्रीकृष्ण ने उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में योग विज्ञान की शिक्षा ग्रहण की थी।

दिग्गजों की रही मौजूदगी

जबलपुर के इस गरिमामयी कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, केंद्रीय व राज्य मंत्रियों सहित राकेश सिंह, प्रहलाद सिंह पटेल, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में आम नागरिक एवं योग साधक उपस्थित रहे। इसके साथ ही, कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा व सुना गया।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button