LNCT ग्रुप पर ED की बड़ी एयरस्ट्राइक! भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में छापे, 200 करोड़ के फेरबदल का आरोप
LNCT समूह पर ED का शिकंजा! भोपाल, इंदौर और बिलासपुर में ED की छापेमारी। आस्था फाउंडेशन के जरिए 200 करोड़ की हेराफेरी और स्कॉलरशिप-फीस घोटाले का आरोप। पढ़ें पूरी खबर।
भोपाल. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित एलएनसीटी (LNCT) समूह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को उसके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। भोपाल, इंदौर और बिलासपुर में ग्रुप से जुड़ी संपत्तियों पर ED की टीमों ने दबिश दी, जो देर शाम तक जारी रही। यह पूरी कार्रवाई आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) द्वारा सितंबर 2025 में दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर, धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है।
आस्था फाउंडेशन के जरिए 200 करोड़ की गड़बड़ी का शक
EOW में दर्ज मामले के अनुसार, इस पूरे घोटाले की कड़ियाँ ‘आस्था फाउंडेशन फॉर एजुकेशन सोसायटी’ से जुड़ी हैं। आरोप है कि इस सोसायटी के जरिए लगभग 200 करोड़ रुपये का वित्तीय हेरफेर किया गया। ED ने इस मामले में ग्रुप के मालिकों और प्रमुख अधिकारियों सहित सात लोगों को आरोपी बनाया है। कार्रवाई के दौरान सभी ठिकानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं।
स्कॉलरशिप, फीस और फर्जी कर्मचारियों का खेल!
जांच के केंद्र में छात्रों की फीस, स्कॉलरशिप और एजुकेशन लोन से जुड़े वित्तीय लेन-देन हैं। जांच एजेंसियों का आरोप है कि छात्रों और संस्थान के नाम पर आने वाली भारी-भरकम राशि का इस्तेमाल तय नियमों के विपरीत दूसरी जगहों पर किया गया। इसके अलावा, EOW की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया था कि सोसायटी में कागजों पर कर्मचारियों की संख्या को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया था, ताकि फंड को डायवर्ट किया जा सके। फिलहाल ED जब्त कंप्यूटर डेटा और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है।




