खेल

रोहित-विराट भी छू न सके जो मुकाम! हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, बनीं 200 T20I खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास! साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरते ही वह 200 T20I मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली भी इस मामले में बहुत पीछे हैं। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

मैनचेस्टर. भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों से दर्ज करा लिया है। रविवार (21 जून) को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर कदम रखते ही हरमनप्रीत ने वो कर दिखाया, जो आज तक दुनिया का कोई भी पुरुष या महिला क्रिकेटर नहीं कर सका। वह 200 टी20 इंटरनेशनल (T20I) मैच खेलने वाली दुनिया की इकलौती और पहली खिलाड़ी बन गई हैं।

रोहित शर्मा और विराट कोहली भी छूटे काफी पीछे

हरमनप्रीत कौर की यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनके 17 साल लंबे शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर और उनकी फिटनेस की गवाही देती है। साल 2009 के पहले महिला टी20 विश्व कप में डेब्यू करने वाली हरमन आज भी टीम इंडिया की कमान संभाल रही हैं।

दिलचस्प बात यह है कि पुरुष क्रिकेट (Mens T20I) का कोई भी दिग्गज हरमनप्रीत के इस रिकॉर्ड के आस-पास भी नहीं है। मेन्स क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग (163 मैच) के नाम है, जबकि भारतीय पुरुष टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा 159 मैचों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, रन-मशीन विराट कोहली (125 मैच) तो इस लिस्ट में बहुत पीछे हैं।

महिला क्रिकेट में भी हरमनप्रीत का एकछत्र राज

महिला क्रिकेट की बात करें तो हरमनप्रीत कौर 200 मैचों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि उनके बाद ये दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं:

खिलाड़ी का नाम देश कुल T20I मैच
हरमनप्रीत कौर भारत 200
सूजी बेट्स न्यूजीलैंड 184
डैनी वायट-हॉज इंग्लैंड 183
एलिस पेरी ऑस्ट्रेलिया 177

विरोधी खिलाड़ी और कोच भी हुए मुरीद

मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी ने हरमनप्रीत को दुनिया भर के क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बताया। वहीं, साउथ अफ्रीका की स्टार ऑलराउंडर और WPL में हरमनप्रीत की साथी खिलाड़ी क्लो ट्रायोन ने इस उपलब्धि को ‘अविश्वसनीय’ बताते हुए हरमन को दुनिया का रोल मॉडल कहा।

टूर्नामेंट की बात करें तो भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है और अपने शुरुआती मैचों में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को धूल चटा चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button