IAS Shraddha Shukla: शादी के बाद बदला IAS श्रद्धा शुक्ला का कैडर, अब मध्य प्रदेश में संभालेंगी प्रशासनिक कमान
2022 बैच की IAS अधिकारी श्रद्धा शुक्ला का कैडर तेलंगाना से बदलकर मध्य प्रदेश कर दिया गया है। जानिए शादी के बाद केंद्र सरकार की किस नीति के तहत रायपुर की बेटी को मिला नया कैडर।

रायपुर/भोपाल. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की बेटी और 2022 बैच की होनहार आईएएस (IAS) अधिकारी श्रद्धा शुक्ला अब मध्य प्रदेश में अपनी प्रशासनिक सेवाएं देंगी। केंद्र सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए उनका कैडर बदल दिया है। इससे पहले श्रद्धा शुक्ला तेलंगाना कैडर में पदस्थ थीं। विवाह के बाद केंद्र सरकार की ‘कॉमन कैडर नीति’ (Inter-Cadre Transfer Policy) के तहत उन्होंने अपने पति के साथ मध्य प्रदेश में ही सेवाएं देने का विकल्प चुना था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला की बेटी हैं श्रद्धा
बता दें कि आईएएस श्रद्धा शुक्ला छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला की सुपुत्री हैं। श्रद्धा शुक्ला की इस नई पदस्थापना की खबर के बाद से रायपुर और मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों में इसकी काफी चर्चा है।
IAS ऐश्वर्या वर्मा से शादी के बाद लिया यह फैसला
दरअसल, कुछ महीने पहले ही श्रद्धा शुक्ला का विवाह मध्य प्रदेश कैडर के ही 2022 बैच के आईएएस अधिकारी ऐश्वर्या वर्मा से हुआ था। विवाह के बाद इस प्रशासनिक दंपती को एक ही राज्य में साथ रहकर सेवाएं देने का अवसर मिल सके, इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार के नियमों के तहत आवेदन किया था।
क्या है केंद्र सरकार की ‘कॉमन कैडर व्यवस्था’?
अखिल भारतीय सेवाओं (All India Services) में यह बेहद खास और संवेनदशील व्यवस्था लागू है। इसके तहत यदि दो अलग-अलग कैडर के आईएएस या आईपीएस अधिकारी आपस में विवाह करते हैं, तो पति-पत्नी दोनों को यथासंभव एक ही राज्य में पदस्थापना (मैरिज ग्राउंड पर कैडर ट्रांसफर) देने का प्रयास किया जाता है। इसी नियम का पालन करते हुए श्रद्धा शुक्ला ने तेलंगाना से अपना कैडर बदलवाकर मध्य प्रदेश का विकल्प चुना था, जिसे केंद्र सरकार ने हरी झंडी दे दी है।




