OP Rajbhar vs Akhilesh Yadav: ‘श्रीकृष्ण नहीं, कंसवंशी हैं अखिलेश’, राजभर का गाजीपुर-अमेठी कांड पर तीखा हमला
सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला। गाजीपुर और अमेठी कांड का जिक्र कर अखिलेश को बताया 'कंसवंशी'। पढ़ें पूरी खबर।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुभासपा (SOP) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग बेहद तीखी हो गई है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक बेहद आक्रामक पोस्ट साझा कर गाजीपुर और अमेठी में हुई दो दर्दनाक घटनाओं का हवाला देते हुए सपा प्रमुख पर सीधा हमला बोला है। राजभर ने दो टूक कहा कि अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के वंशज नहीं हो सकते, बल्कि वे ‘कंसवंशी’ हैं।
गाजीपुर और अमेठी कांड का जिक्र कर घेरा
राजभर ने गाजीपुर की 13 वर्षीय मासूम आंचल राजभर की मौत का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि सिर्फ खेत में घास काटने की वजह से दबंगों ने उस पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी जान चली गई। वहीं, अमेठी के गौरीगंज में अति-पिछड़े वर्ग के युवक अंकित कश्यप की प्रेम विवाह के कारण की गई नृशंस हत्या पर भी राजभर ने गहरा आक्रोश जताया। उन्होंने सवाल उठाया कि इन वीभत्स घटनाओं पर सपा प्रमुख की चुप्पी क्यों बनी हुई है?
“PDA का ढोंग और यादव गुंडई”
सुभासपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में 37 सीटें जीतने के बाद सपा कार्यकर्ता आपा खो चुके हैं और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नाम पर केवल ढोंग रचा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जिस दिन राजभर, निषाद, बिंद, कश्यप, पाल, प्रजापति और कुम्हार जैसे अति-पिछड़े समाज एकजुट होकर मोर्चा खोल देंगे, उस दिन सारा अहंकार और गुंडई 10 मिनट में हवा हो जाएगी।




