भोपाल BMHRC में आई सुपर हाईटेक मशीन; टीबी, कैंसर और सिकल सेल की जांच-रिसर्च को मिलेगी नई रफ्तार
भोपाल स्मारक अस्पताल (BMHRC) में अत्याधुनिक 'फ्लो साइटोमेट्री विद इमेजिंग' मशीन शुरू हुई है। यह तकनीक कैंसर, सिकल सेल, टीबी और ऑटोइम्यून बीमारियों की जांच और रिसर्च को अधिक सटीक बनाएगी।

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी स्थित आईसीएमआर-भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (BMHRC) में स्वास्थ्य सुविधाओं को एक बड़ा अपग्रेड मिला है। संस्थान में अत्याधुनिक ‘फ्लो साइटोमेट्री विद इमेजिंग मशीन’ की शुरुआत की गई है। यह तकनीक ब्लड कैंसर, सिकल सेल, टीबी, ऑटोइम्यून और इम्यून सिस्टम से जुड़ी बीमारियों की जांच को अत्यधिक सटीक और आसान बनाएगी। इसके साथ ही संस्थान में होने वाले उच्च स्तरीय मेडिकल रिसर्च को भी एक नई दिशा मिलेगी, जिसका सीधा फायदा यहां आने वाले मरीजों को उनके इलाज में मिलेगा।
कम समय में हजारों कोशिकाओं का विश्लेषण, मिलेंगी हाई-क्वालिटी तस्वीरें
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि यह नई मशीन बेहद कम समय में हजारों कोशिकाओं (Cells) का सटीक विश्लेषण कर सकती है।
- तस्वीरों के साथ विश्लेषण: इस मशीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह केवल डेटा ही नहीं देती, बल्कि कोशिकाओं की उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें (High-resolution Images) भी उपलब्ध कराती है।
- सटीक डायग्नोसिस: इससे डॉक्टर और वैज्ञानिक कोशिकाओं की बनावट और उनमें होने वाले सूक्ष्म बदलावों को सीधे देख सकेंगे, जिससे कैंसर और सिकल सेल जैसी जटिल बीमारियों की जांच पहले से अधिक सटीक हो जाएगी।
सेंट्रल लैब में होगी जांच, एडवांस मेडिकल रिसर्च का खुलेगा रास्ता
निदेशक डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार, यह आधुनिक सुविधा केवल मरीजों के सैंपल टेस्ट करने तक सीमित नहीं रहेगी। संस्थान के सभी विभाग अपने सैंपल जांच और अनुसंधान (Research) के लिए सेंट्रल लैब में भेज सकेंगे।
यह तकनीक इम्यूनोलॉजी, हीमैटोलॉजी, ऑनकोलॉजी और टीबी जैसे संक्रामक रोगों के शोध में मील का पत्थर साबित होगी। वैज्ञानिक कोशिकाओं के व्यवहार को समझकर भविष्य में नई उपचार पद्धतियों (Treatment Methods) के विकास पर काम कर सकेंगे।
ICMR के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने किया लोकार्पण
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने बीएमएचआरसी के दौरे के दौरान इस अत्याधुनिक मशीन का औपचारिक लोकार्पण किया। BMHRC में पहली बार इस स्तर की उन्नत सेल विश्लेषण तकनीक उपलब्ध कराई गई है। संस्थान का मानना है कि यह ‘कॉमन रिसर्च फैसिलिटी’ चिकित्सकों, वैज्ञानिकों और शोधार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।




