CM योगी का यूपी के युवाओं को बड़ा तोहफा: सभी 18 मंडलों में खुलेंगे स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी के सभी 18 मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोलने का एलान किया है। खिलाड़ियों को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधाएं और सरकारी नौकरी।
लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के युवाओं और खिलाड़ियों के नाम एक विशेष पत्र (पाती) लिखा है। इसमें उन्होंने राज्य की बदलती खेल संस्कृति और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को साझा करते हुए एक बड़ा एलान किया है। सीएम योगी ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज और ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के जरिए स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और सरकारी नौकरियों के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा, “मैदान की मिट्टी जीत-हार नहीं, बल्कि गिरकर उठना सिखाती है। चैंपियन एक दिन में नहीं बनते और न ही खेल संस्कृति रातों-रात विकसित होती है। खेल अनुशासन, समर्पण, सकारात्मक सोच और टीम भावना का सबसे बड़ा माध्यम है।”
हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और मेरठ में खेल यूनिवर्सिटी तैयार
सीएम योगी ने बताया कि सरकार राज्य में खिलाड़ियों के कौशल विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके तहत:
- हर ग्राम पंचायत में खेल के मैदान विकसित किए जा रहे हैं।
- प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।
- हर जनपद में आधुनिक स्टेडियम और मेरठ में ‘मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय’ बनकर तैयार है।
अभिभावकों से अपील: बच्चों की खेल प्रतिभा को न रोकें
मुख्यमंत्री ने समाज और अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को खेलने से न रोकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास के लिए ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों और गलत आदतों से दूर रखने की सबसे बड़ी ताकत है। यह खेल भावना आने वाले समय में विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का आधार बनेगी।




