ट्रूडो के आरोपों पर पलटी तस्वीर, RCMP बोली- निज्जर हत्याकांड में भारत सरकार से जुड़ा कोई सबूत नहीं
निज्जर हत्याकांड में RCMP ने कहा कि भारत सरकार के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला। वहीं अमेरिकी न्याय विभाग ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है।
खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर हत्याकांड को लेकर भारत-कनाडा विवाद के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने कहा है कि अब तक की जांच में भारत सरकार या उसके अधिकारियों की संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है। इसी बीच अमेरिकी न्याय विभाग ने अपनी कार्रवाई में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके नेटवर्क पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है।
RCMP ने क्या कहा?
कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की डिप्टी कमिश्नर लिसा मोरलैंड ने CBC News से बातचीत में कहा कि संगठित अपराध सिंडिकेट की जांच में ऐसा कोई साक्ष्य सामने नहीं आया है, जिससे भारत सरकार या उसके अधिकारियों की इस हत्या में भूमिका साबित होती हो। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच अभी जारी है।
ट्रूडो के आरोपों पर फिर छिड़ी बहस
पूर्व कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने 2023 में दावा किया था कि भारतीय एजेंटों और हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बीच संभावित संबंधों की जांच की जा रही है। भारत ने उस समय इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया था। इन आरोपों के बाद दोनों देशों के रिश्तों में गंभीर कूटनीतिक तनाव पैदा हो गया था।
अमेरिका की कार्रवाई में बिश्नोई गैंग पर आरोप
अमेरिकी न्याय विभाग की कार्रवाई ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा और सुखराज सिंह कंग समेत कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दस्तावेजों में दावा किया गया है कि हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे बिश्नोई गैंग की भूमिका सामने आई है।
24 गिरफ्तारियां, 37 लोगों पर आरोप
अमेरिका, कनाडा और यूरोप की एजेंसियों ने संयुक्त अभियान में तीन अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट्स से जुड़े 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। कुल 37 लोगों पर विभिन्न गंभीर अपराधों के आरोप लगाए गए हैं, जबकि कई आरोपी अब भी फरार हैं। जांच एजेंसियों ने मादक पदार्थ, हथियार और नकदी भी बरामद की है।
अमेरिका ने भारतीय पुलिस अधिकारी पर भी लगाया आरोप
अमेरिकी अभियोजकों ने एक मामले में भारत के पंजाब से जुड़े एक पुलिस अधिकारी पर अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के परिवार से कथित तौर पर 4 लाख डॉलर की फिरौती मांगने और झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार इस मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।




