मुंबई के जल संकट पर छलका टीवी एक्ट्रेस कनिका महेश्वरी का दर्द, बोलीं— ‘शावर छोड़ अब बाल्टी से नहा रहे लोग’
मुंबई में गहराते जल संकट पर टीवी एक्ट्रेस कनिका महेश्वरी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पानी की कमी से लोगों की जीवनशैली प्रभावित हो रही है और वे शावर छोड़ बाल्टी से नहाने को मजबूर हैं।

मुंबई में गहराते जल संकट पर टीवी अभिनेत्री कनिका महेश्वरी ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पानी की कमी अब सिर्फ एक बुनियादी समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह लोगों की मानसिक स्थिति और पूरी जीवनशैली को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। कनिका ने सरकार से इस गंभीर मुद्दे पर अस्थायी समाधानों के बजाय एक मजबूत और दीर्घकालिक (Long-term) जल प्रबंधन योजना तैयार करने की अपील की है, ताकि देश की आर्थिक राजधानी के नागरिकों को हर साल इस परेशानी से न जूझना पड़े।
‘शावर छोड़ बाल्टी पर आए लोग, बढ़ रहा है मानसिक तनाव’
कनिका महेश्वरी ने बताया कि पानी की किल्लत ने लोगों को अपनी रोजमर्रा की आदतें बदलने पर मजबूर कर दिया है। महानगरों में विकास की बड़ी-बड़ी बातों के बीच स्वच्छ पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए संघर्ष करना दुखद है। उन्होंने कहा, “पहले जहां लोग बिना सोचे-समझे शावर का इस्तेमाल करते थे, वहीं अब पानी बचाने के लिए बाल्टी से नहाना पड़ रहा है। हर एक लीटर पानी का हिसाब रखना और दिन की शुरुआत इस चिंता से करना कि घरेलू कामों के लिए पानी बचेगा या नहीं, लोगों में मानसिक तनाव पैदा कर रहा है।”
पानी का अधिकार बुनियादी, नागरिक भी निभाएं जिम्मेदारी
बढ़ती आबादी के बीच जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की वकालत करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि स्वच्छ पानी पाना हर नागरिक का अधिकार है। इसके साथ ही उन्होंने जनता से भी पानी के संरक्षण की अपील की। कनिका ने कहा कि जल बचाना केवल संकट के समय की मजबूरी नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की आदत होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने घरों में पानी के रिसाव (Leakage) को तुरंत ठीक कराने और पानी का दोबारा उपयोग (Reuse) करने जैसी छोटी-छोटी सावधानियां बरतने की सलाह दी।



