MP के निजी स्कूलों में फ्री एडमिशन का तीसरा चरण शुरू; 8 जुलाई तक चॉइस अपडेट करने का मौका
मध्य प्रदेश आरटीई (RTE) के तहत निजी स्कूलों में मुफ्त प्रवेश के तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र 8 जुलाई 2026 तक स्कूलों की चॉइस अपडेट कर सकते हैं।

भोपाल: मध्य प्रदेश में शिक्षा का अधिकार कानून (RTE) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश के तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य शिक्षा केंद्र ने सभी जिला कलेक्टरों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत पात्र छात्र आगामी 8 जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से स्कूलों की चॉइस अपडेट कर सकेंगे। यह व्यवस्था उन गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए है, जिन्हें पहले और दूसरे चरण की काउंसलिंग के बाद भी सीटें अलॉट नहीं हो सकी थीं या जिन्होंने मनपसंद स्कूल न मिलने के कारण प्रवेश नहीं लिया था।
नहीं होगा कोई नया रजिस्ट्रेशन, सिर्फ पुराने आवेदकों को ही मिलेगा मौका; जानिए पूरा शेड्यूल
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने स्पष्ट किया है कि तीसरे चरण में कोई नया रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा। इसमें केवल वही आवेदक भाग ले सकते हैं जिन्होंने पहले चरण में आवेदन किया था और जांच में पात्र पाए गए थे। इस चरण की समय-सारिणी के अनुसार, छात्रों को 8 जुलाई 2026 तक खाली सीटों वाले स्कूलों के लिए अपनी चॉइस अपडेट करनी होगी। इसके बाद 10 जुलाई 2026 को ऑनलाइन लॉटरी के जरिए स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। जिन छात्रों को स्कूल अलॉट होगा, उन्हें 11 से 20 जुलाई 2026 के बीच संबंधित विद्यालय में जाकर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।




