‘देशभक्ति और समर्पण का प्रेरणास्रोत है उनका जीवन’: केदार कश्यप ने डॉ. मुखर्जी को किया नमन
रायपुर के शारदा चौक पर वन मंत्री केदार कश्यप ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके राष्ट्र निर्माण के योगदान को याद किया।
रायपुर. छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने आज प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, शिक्षाविद और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें नमन किया। मंत्री कश्यप ने राजधानी रायपुर के शारदा चौक स्थित डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण, अखंडता और जनसेवा के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
‘युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे डॉ. मुखर्जी के विचार’
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का एक महान प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज और युवा पीढ़ी को देश की सेवा करने का मार्ग दिखाते हैं। इस गरिमामय कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा, रमेश सिंह ठाकुर और छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




