‘दुल्हनिया ले आएगी’ ट्रेलर रिलीज, शादी, कॉमेडी और फैमिली ड्रामा का मजेदार संगम
खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पियूष मिश्रा की फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। शादी, कॉमेडी और पारिवारिक भावनाओं से भरपूर यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पियूष मिश्रा स्टारर फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म की कहानी एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके सामने समय की चुनौती है। इसी दौरान उसकी जिंदगी में कई संभावित दूल्हों की एंट्री होती है और यहीं से शुरू होता है हास्य, उलझनों और पारिवारिक घटनाओं से भरपूर सफर। ट्रेलर में कॉमेडी, इमोशन और रिश्तों का संतुलित मिश्रण देखने को मिलता है।
निर्देशक ने फिल्म की कहानी को बताया खास
फिल्म के निर्देशक आकाशादित्य लामा का कहना है कि हर शादी अपने साथ कई यादगार पल लेकर आती है, लेकिन इस फिल्म में असली ड्रामा शादी की रस्मों से पहले ही शुरू हो जाता है। उनके अनुसार, कहानी हल्के-फुल्के अंदाज में दर्शकों को मनोरंजन के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी अनुभव कराएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को फिल्म का अनुभव उतना ही पसंद आएगा, जितना इसकी टीम को इसे बनाने में आया।
खुशाली कुमार और महेश मांजरेकर ने साझा किया अनुभव
खुशाली कुमार ने अपने किरदार को अब तक के सबसे दिलचस्प और मनोरंजक रोल में से एक बताया। उनके अनुसार, फिल्म में निभाया गया किरदार आत्मविश्वास से भरपूर है और अपनी अप्रत्याशित शैली से कहानी में लगातार नए मोड़ लाता है। वहीं महेश मांजरेकर का कहना है कि फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी सहज कहानी और सादगी है, जो दर्शकों को बिना किसी बनावटी प्रयास के अपनी दुनिया का हिस्सा बना लेती है।
24 जुलाई को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
फिल्म में खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पियूष मिश्रा के साथ ओंकार कपूर, अगू स्टेनली चिएदोजी और बी.सी. आंटी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल द्वारा निर्मित ‘दुल्हनिया ले आएगी’ 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।




