खेल

Commonwealth Games 2026: 23 जुलाई से खेलों का आगाज, जानिए भारत के मुकाबलों का पूरा कार्यक्रम

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का कार्यक्रम जारी हो गया है। 23 जुलाई से 2 अगस्त तक ग्लासगो में होने वाले खेलों में भारत के 124 एथलीट हिस्सा लेंगे। नीरज चोपड़ा और मीराबाई चानू समेत कई स्टार खिलाड़ी पदकों के लिए चुनौती पेश करेंगे।

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के मुकाबलों का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस बार भारत की ओर से 124 एथलीट आठ एबल-बॉडी और पांच पैरा स्पोर्ट्स स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताएं स्कॉटलैंड के चार अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होंगी। भारतीय खिलाड़ी एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, जूडो, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, ट्रैक साइक्लिंग, लॉन बॉल्स और तैराकी में चुनौती पेश करेंगे, जबकि पैरा एथलीट पैरा एथलेटिक्स, पैरा स्विमिंग, पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा ट्रैक साइक्लिंग और 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

नीरज चोपड़ा और मीराबाई चानू पर रहेंगी सबसे ज्यादा उम्मीदें

भारतीय दल में सबसे अधिक नजरें ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा पर होंगी। पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा का फाइनल 1 अगस्त को खेला जाएगा, जहां वह एक बार फिर कॉमनवेल्थ खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। वहीं भारोत्तोलन मुकाबले 26 से 30 जुलाई के बीच होंगे, जिनमें दो बार की कॉमनवेल्थ चैंपियन और ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू भारत की प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं।

27 जुलाई से शुरू होंगे एथलेटिक्स के मुकाबले

एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स स्पर्धाओं की शुरुआत 27 जुलाई से स्कॉट्सटाउन स्टेडियम में होगी और 1 अगस्त तक विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड इवेंट आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, हर्डल्स, हाई जंप, लॉन्ग जंप, हैमर थ्रो, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, रिले और रेस वॉक सहित कई स्पर्धाओं में पदकों का फैसला होगा। पैरा एथलीटों के लिए भी ट्रैक और फील्ड की कई प्रतियोगिताएं इसी अवधि में आयोजित की जाएंगी।

जिम्नास्टिक्स से रिले तक दिखेगा खेलों का रोमांच

आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स के मुकाबले 24 जुलाई से शुरू होंगे, जिनमें टीम, ऑल-अराउंड और उपकरण फाइनल शामिल हैं। इसके अलावा पूरे आयोजन के दौरान ट्रैक साइक्लिंग, मुक्केबाजी, तैराकी, जूडो, लॉन बॉल्स और अन्य स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने की चुनौती पेश करेंगे। प्रतियोगिता के अंतिम दिनों में रिले रेस, पोल वॉल्ट, ट्रिपल जंप, डिस्कस, जैवलिन और लंबी दूरी की दौड़ के फाइनल मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button