सोनम वांगचुक को अनशन का तजुर्बा, हम क्यों डालें जान जोखिम में: अभिजीत दीपके का बयान वायरल
नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के बीच CJP प्रमुख अभिजीत दीपके का बड़ा बयान। कहा- सोनम वांगचुक को अनशन का अनुभव है, छात्र अपनी जान जोखिम में न डालें। पूरी खबर पढ़ें।
नई दिल्ली: नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। आंदोलन को समर्थन दे रहे मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, जिससे उनका वजन तेजी से गिर रहा है। इस बीच, सोशल मीडिया पर CJP बनाकर सुर्खियां बटोरने वाले अभिजीत दीपके का एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है। दीपके प्रदर्शनकारी छात्रों को अनशन खत्म करने की सलाह देते हुए कह रहे हैं कि सोनम वांगचुक को अनशन का पुराना अनुभव है, इसलिए बाकी लोगों को अपनी जान जोखिम में डालने की जरूरत नहीं है।
‘सरकार को परवाह नहीं, लड़ाई लंबी खींचने के लिए हमारा फिट रहना जरूरी’
एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि उन्होंने सभी छात्रों से भूख हड़ताल न करने की अपील की है। दीपके के मुताबिक, “अगर सरकार को परवाह होती तो वह 20 बच्चों की मौत या पेपर लीक के तुरंत बाद ही इस्तीफा दे देती। यह लड़ाई लंबी चलने वाली है और इसके मैनेजमेंट के लिए हमारा फिट रहना जरूरी है। सोनम सर को भूख हड़ताल का अनुभव है, वह खुद को संभाल सकते हैं। लेकिन अगर सब अनशन पर बैठ गए, तो आंदोलन कौन चलाएगा?”
दिलचस्प बात यह है कि दीपके का यह बयान ऐसे समय आया है जब सोनम वांगचुक ने हाल ही में जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के ‘ठूंस-ठूंसकर खाने’ पर दुख जताया था और सभी से कम से कम एक दिन का उपवास रखने की अपील की थी।




