बंटी यादव अपहरण कांड में बड़ी कार्रवाई, पटना पुलिस के 4 जवान तत्काल सस्पेंड
बंटी यादव अपहरण कांड में ड्यूटी के दौरान लापरवाही के आरोप में पटना पुलिस के चार कर्मियों को निलंबित किया गया। घटना के समय सभी पुलिसकर्मी घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर तैनात थे, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई की गई।
पटना. पटना के चर्चित बंटी यादव अपहरण कांड में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद विभाग ने सख्त कदम उठाया है। ड्यूटी के दौरान कथित लापरवाही बरतने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पटना सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी के आदेश पर एएसआई प्रवीण कुमार पंकज, एएसआई अवधेश कुमार, वीर बहादुर सिंह और गृह रक्षक सुदर्शन प्रसाद के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
निलंबन के साथ स्पष्टीकरण देने का आदेश
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान चारों पुलिसकर्मियों का मुख्यालय नवीन आरक्षी पुलिस केंद्र, पटना रहेगा। विभाग ने सभी निलंबित कर्मियों को तीन दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जवाब मिलने के बाद आगे की विभागीय प्रक्रिया तय की जाएगी।
घटनास्थल से महज 100 मीटर दूर थी पुलिस टीम
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 6 जुलाई की रात बंटी यादव के अपहरण के समय चारों पुलिसकर्मी घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर तैनात थे। उनकी जिम्मेदारी गश्ती और डायल-112 सेवा से जुड़ी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी और समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।
ड्यूटी में गंभीर चूक मानकर हुई विभागीय कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने इस पूरे मामले को ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही माना है। इसी आधार पर चारों कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई। मामले ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




