राष्ट्रीय

Himachal Road Accident: हिमाचल के भरमौर में 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 3 महिलाओं समेत 4 की दर्दनाक मौत

Himachal Road Accident: चंबा के भरमौर में सामरा-उरेई रोड पर 300 फीट नीचे नाले में गिरी कार। 3 महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत, एक गंभीर। पढ़ें पूरी खबर।

चंबा/भरमौर. हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला स्थित जनजातीय उपमंडल भरमौर से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार को सामरा-उरेई लिंक रोड पर ‘सारणी का नाला’ के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में तीन महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद से पूरे भरमौर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

लूणा से रूहनुकोठी जा रही थी कार, नाले के पास खोया नियंत्रण

जानकारी के मुताबिक, ऑल्टो कार सवार सभी लोग लूणा से वाया सामरा होते हुए रूहनुकोठी की तरफ जा रहे थे। जैसे ही कार सारणी का नाला के पास पहुंची, चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार हवा में लहराते हुए 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी और नीचे बह रहे नाले में जाकर रुकी।

धमाके जैसी आवाज़ और चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण

कार के खाई में गिरने की जोरदार आवाज़ और सवारों की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटना स्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए अपनी जान जोखिम में डालकर खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को मलबे में तब्दील हो चुकी कार से बाहर निकाला।

तीन की मौके पर मौत, अस्पताल ले जाते समय चौथे ने तोड़ा दम

हादसा इतना भयावह था कि 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल थे। घायलों को तुरंत चंबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही एक और घायल ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान चतरो देवी (पत्नी पून्नू राम), बशैहरो देवी (पत्नी घनिया राम) दोनों निवासी उरई और कार चालक अंकु निवासी रूणहकोठी के रूप में हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच, इलाके में शोक की लहर

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button