उद्यम संवाद में उठीं जलापूर्ति, सुरक्षा और फायर ब्रिगेड की मांगें, कमिश्नर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
राजगढ़ के पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में उद्यम संवाद आयोजित हुआ। संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने उद्योगपतियों की समस्याएं सुनीं और जलापूर्ति, सीसीटीवी, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस व सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

भोपाल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को राजगढ़ जिले के पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में ‘उद्यम संवाद’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने की। उन्होंने उद्योगपतियों और उद्यमियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
संभाग आयुक्त ने पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्योगपतियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समय-सीमा में उनके निराकरण पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य उद्योग एवं व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ लगातार संवाद कायम करना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए बेहतर और अनुकूल माहौल तैयार करना शासन की प्राथमिकता है।
जलापूर्ति से लेकर फायर ब्रिगेड तक की मांग
उद्यम संवाद के दौरान उद्योगपतियों ने पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रेसाई डैम से जलापूर्ति की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस जैसी सुविधाओं की जरूरत बताई। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी सामने रखे गए।
संभाग आयुक्त ने इन सभी विषयों पर अधिकारियों से जानकारी ली और औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा तथा आवश्यक सेवाओं को मजबूत करने के लिए समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए।
ईपीएफ कार्यालय को भोपाल लाने का सुझाव
उद्योगपतियों ने कर्मचारी भविष्य निधि यानी ईपीएफ से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि ईपीएफ कार्यालय ग्वालियर में होने के कारण उद्योगों और कर्मचारियों को दूरी के चलते कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए ईपीएफ से संबंधित सुविधाओं के लिए कार्यालय को भोपाल स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर
नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा ने औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से क्षेत्र के युवाओं को लाभ होगा और उद्योगों को भी कुशल एवं स्थानीय मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा। इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
नए निवेश और उद्योगों की संभावनाओं पर चर्चा
कार्यक्रम में पीलूखेड़ी के अलावा जिले के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश और नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। कचनारिया फूड क्लस्टर, पचोर, डाबली कला और गोरखपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों और उद्योगपतियों की मौजूदगी
उद्यम संवाद में नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा, सचिव ऊर्जा विभाग विशेष गढ़पाले, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपति मौजूद रहे। संवाद के दौरान औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के साथ भविष्य में निवेश और सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई।




