मध्य प्रदेश

कुबेरेश्वर धाम से अहम सूचना: 15 जनवरी से 15 मार्च तक रुद्राक्ष वितरण रहेगा बंद

सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में 14–20 फरवरी रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों पर बैठक। 15 जनवरी से 15 मार्च तक रुद्राक्ष वितरण बंद, सुरक्षा व चिकित्सा इंतजाम पुख्ता।

सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन समिति के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए कुबेरेश्वर धाम में 15 जनवरी से 15 मार्च तक रुद्राक्ष वितरण पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया। आपात स्थितियों से निपटने के लिए मिनी आईसीयू और एम्बुलेंस की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।

15 जनवरी से 15 मार्च तक नहीं बांटे जाएंगे रुद्राक्ष

बैठक में स्पष्ट किया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसी कारण अगले दो महीनों तक रुद्राक्ष वितरण पर पूरी तरह रोक रहेगी। बैठक में भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह, आईजी अभय सिंह, कलेक्टर बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के साथ कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

अधिकारियों ने बताया कि रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सभी विभागों को समन्वय के साथ समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तावित सुविधाओं, सेवाओं और संपूर्ण कार्ययोजना का खाका भी प्रस्तुत किया गया।

वॉलेंटियर्स, पार्किंग और डायवर्जन प्लान पर जोर

आयोजन समिति को पर्याप्त पार्किंग, मार्गों पर दिशा-सूचक बोर्ड, भोजन व्यवस्था और बड़ी संख्या में वॉलेंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सड़कों और हाईवे पर जाम से बचने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू करने, पार्किंग क्षेत्रों को अलग-अलग जोन में बांटने और कथा स्थल तक सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।

सूचना बोर्ड, पेयजल और बिजली की व्यवस्था

प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के साथ पेयजल, साफ-सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मोबाइल नेटवर्क, सूचना प्रसारण प्रणाली और एलईडी स्क्रीन को दुरुस्त रखने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं समय पर मिल सकें। रुद्राक्ष वितरण बंद रहने की सूचना प्रमुख स्थानों पर बोर्ड लगाकर और मीडिया के माध्यम से प्रसारित की जाएगी।

चिकित्सा इंतजाम पुख्ता

आयोजन स्थल पर पर्याप्त एम्बुलेंस, डॉक्टरों की तैनाती, जरूरी दवाओं के साथ प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्थिति के लिए मिनी आईसीयू की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जरूरत पड़ने पर मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर करने की स्पष्ट योजना बनाई गई। अधिकारियों ने कथा स्थल, पंडाल के प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग, भोजनशाला और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारों के निर्देश भी दिए।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button