राष्ट्रीय

भक्ति में बाधा नहीं: केदारनाथ मंदिर में मोबाइल बैन, नियम तोड़ने पर भारी पेनाल्टी

केदारनाथ यात्रा 2026 से पहले मंदिर परिसर में मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध की तैयारी। नियम तोड़ने पर जुर्माना, मोबाइल जमा व्यवस्था पर भी विचार।

रुद्रप्रयाग. आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन नई गाइडलाइन लागू करने की तैयारी में जुट गया है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा सकता है। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने की भी संभावना जताई जा रही है।

मंदिर समिति के साथ समन्वय, मोबाइल जमा व्यवस्था पर विचार

इस योजना को लागू करने के लिए जिला प्रशासन बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर चर्चा कर रहा है। प्रशासन स्तर पर मंदिर क्षेत्र में मोबाइल फोन जमा कराने की व्यवस्था लागू करने पर भी विचार किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी मंदिर समिति को सौंपी जा सकती है।

दर्शन की पवित्रता बनाए रखने की पहल

गौरतलब है कि बीते कुछ वर्षों से केदारनाथ क्षेत्र में दर्शन के दौरान मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग को लेकर तीर्थ पुरोहितों, पंडा समाज और मंदिर समिति के बीच लगातार चिंता जताई जाती रही है। श्रद्धालुओं द्वारा फोटो-वीडियो बनाने और कॉल करने से दर्शन भाव और आध्यात्मिक वातावरण प्रभावित होने की बात सामने आती रही है। पिछली यात्रा के दौरान भी मोबाइल प्रतिबंध का मुद्दा प्रमुखता से उठा था।

चारधाम बैठक में सभी धामों के लिए मोबाइल बैन पर मंथन

इसी पृष्ठभूमि में ऋषिकेश में आयोजित चारधाम यात्रा से जुड़ी अहम बैठक में सभी धामों में मोबाइल फोन प्रतिबंध को लेकर गंभीरता से विचार किया गया। बैठक में दर्शन व्यवस्था को अधिक अनुशासित और आध्यात्मिक बनाए रखने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी का बयान

इस संबंध में प्रतीक जैन, जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग ने बताया कि केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल फोन प्रतिबंध को लेकर BKTC से बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर और आसपास चेतावनी बोर्ड लगाने, मोबाइल उपयोग पर जुर्माना लगाने तथा मोबाइल फोन जमा कराने जैसे विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button