मध्य प्रदेश

आकाशीय अनुभव, ज़मीनी फायदा: MP में पर्यटन को उड़ान

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा इंदौर में पहली बार टैंडम पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल का आयोजन 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 को किया जाएगा। कोरबन हिल्स में होने वाला यह आयोजन प्रदेश को एडवेंचर टूरिज्म के मानचित्र पर नई पहचान देगा।

भोपाल. मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की पहल से प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में एक नया और रोमांचक अध्याय जुड़ने जा रहा है। एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रेमियों के लिए इंदौर में पहली बार टैंडम पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल का आयोजन 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह फेस्टिवल इंदौर के मनोरम और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कोरबन हिल्स में आयोजित होगा। आयोजन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और मध्यप्रदेश फ्लाइंग क्लब के संयुक्त सहयोग से संपन्न होगा।

सचिव पर्यटन एवं प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड डॉ. इलैया राजा टी. ने बताया कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य, भौगोलिक विविधता और रोमांचक पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध राज्य है। उन्होंने कहा कि टैंडम पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल जैसे आयोजन प्रदेश को एडवेंचर टूरिज्म के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

संयुक्त संचालक (एडवेंचर टूरिज्म) डॉ. एस. के. वास्तव ने जानकारी दी कि फेस्टिवल के दौरान शुरुआती और अनुभवी दोनों प्रकार के प्रतिभागियों के लिए विशेष पैराग्लाइडिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। वहीं, चीफ इंस्ट्रक्टर कैप्टन मंधार महाजन ने बताया कि सभी उड़ानें प्रमाणित प्रशिक्षकों की निगरानी में कराई जाएंगी और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

मध्यप्रदेश फ्लाइंग क्लब के निदेशक नीरज मुजूमदार ने बताया कि पैराग्लाइडिंग के लिए स्लॉट सीमित रखे गए हैं। इच्छुक प्रतिभागी मात्र 2,999 रुपये में टैंडम पैराग्लाइडिंग का रोमांचक अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.mpfc.in अथवा इंस्टाग्राम आईडी mpflyingclub पर संपर्क किया जा सकता है।

यह आयोजन न केवल इंदौर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश को एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button