छत्तीसगढ़

आग में झुलसकर 6 की मौत—बलौदाबाजार प्लांट हादसे पर कंपनी का मुआवज़ा ऐलान

बलौदाबाजार के बकुलाही गांव में स्पंज आयरन फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से 6 मजदूरों की मौत, 10 से अधिक गंभीर घायल। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया दुख, जांच के आदेश।

बलौदाबाजार. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा क्षेत्र अंतर्गत बकुलाही गांव में स्थित एक निजी स्पंज आयरन फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में कम से कम छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

सुबह 10 बजे कोल कीलन में हुआ धमाका

यह हादसा सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब फैक्ट्री के स्पंज आयरन प्लांट के कोल कीलन (फर्नेस) में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास कार्यरत मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। परिसर में चीख-पुकार मच गई और कई श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दमकल, पुलिस और प्रशासन मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और कुछ की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी, तकनीकी खराबी की आशंका

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आधिकारिक जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री में तकनीकी खराबी या मशीनरी में अत्यधिक दबाव को विस्फोट का संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

भाटापारा क्षेत्र के ग्रामीणों और मजदूर संगठनों ने इस हादसे को औद्योगिक सुरक्षा मानकों की उपेक्षा का नतीजा बताया है। उन्होंने फैक्ट्रियों में सुरक्षा उपायों की कमी पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हाई-लेवल जांच की मांग: भूपेश बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए सरकार से घायलों के समुचित इलाज, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हाई-लेवल जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस दुखद हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल राज्य सरकार की ओर से किसी एक्स-ग्रेशिया की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बयान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “बलौदाबाजार के बकुलाही स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुआ यह भयावह विस्फोट अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस हादसे में छह श्रमिकों की असमय मृत्यु हुई है, जबकि पांच घायलों को उच्च स्तरीय इलाज के लिए बिलासपुर भेजा गया है। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और हादसे के कारणों की तथ्यपरक जांच के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।”

राहत एवं बचाव कार्य जारी

पुलिस और राहत टीमें अब भी मौके पर मौजूद हैं। मृतकों की पहचान और राहत कार्यों से जुड़ी विस्तृत जानकारी लगातार जुटाई जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने जताया शोक

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर में भर्ती कराया जा रहा है और प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button