देश

तीर्थयात्रियों को राहत, तिरुपति बालाजी के लिए बिहार-झारखंड से नई ट्रेन सेवा शुरू

रेल यात्रियों को राहत: रक्सौल–तिरुपति नई साप्ताहिक ट्रेन को मंजूरी, धनबाद–भुवनेश्वर और मुंबई स्पेशल होंगी नियमित, भोपाल के लिए भी नई ट्रेन जल्द।

धनबाद. धनबाद होकर रक्सौल से तिरुपति के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के बंद होने से मायूस यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने रक्सौल से तिरुपति के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन धनबाद, बोकारो और रांची होकर चलेगी।

नई ट्रेन के शुरू होने से बिहार के साथ-साथ झारखंड की बड़ी आबादी को तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए सीधी रेल सेवा मिल सकेगी। रेलवे की ओर से ट्रेन का टाइम टेबल जल्द जारी किए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि यह ट्रेन पूर्व में चल रही स्पेशल ट्रेन के ही समय और ठहराव के अनुसार संचालित की जाएगी।

धनबाद–भुवनेश्वर स्पेशल होगी नियमित, चंद्रपुरा में नया ठहराव

पांच साल से अधिक समय से स्पेशल के रूप में चल रही धनबाद–भुवनेश्वर ट्रेन को भी जल्द नियमित किया जाएगा। इस ट्रेन का ठहराव अब चंद्रपुरा में भी होगा। अभी यह ट्रेन धनबाद से खुलने के बाद पहला ठहराव बोकारो में करती है।
चंद्रपुरा में ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिस पर अब मंजूरी मिल गई है। ट्रेन के नियमित होने से यात्रियों को लेटलतीफी की समस्या से भी राहत मिलेगी।

लोकमान्य तिलक (मुंबई) स्पेशल को भी मिली नियमित दर्जा

धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित ट्रेन के रूप में चलाने की स्वीकृति दे दी गई है। यात्रियों से मिले बेहतर रिस्पॉन्स को देखते हुए रेलवे ने यह फैसला लिया है। स्पेशल टैग हटने से अब यात्रियों को अतिरिक्त किराया नहीं देना पड़ेगा।

धनबाद–भोपाल नई ट्रेन जल्द, सप्ताह में तीन दिन चलेगी

धनबाद से भोपाल के लिए सप्ताह में तीन दिन नई ट्रेन चलाने की तैयारी भी अंतिम चरण में है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब पूर्व मध्य रेल और पश्चिम मध्य रेलवे नई ट्रेन की तिथि तय करने में जुट गए हैं।

बेंगलुरु–सूरत ट्रेनों पर पेंच, दिल्ली को नहीं मिली स्पेशल

धनबाद से यशवंतपुर (बेंगलुरु) और धनबाद से उधना (सूरत) की स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने पर फिलहाल सहमति नहीं बन सकी है। इसके साथ ही धनबाद से दिल्ली के लिए भी नई स्पेशल ट्रेन को मंजूरी नहीं मिली।

हालांकि, विकल्प के तौर पर धनबाद होकर हावड़ा से आनंद विहार के बीच नई अमृत भारत ट्रेन को स्वीकृति दे दी गई है, जिससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button