मेसी की मौजूदगी में बेकाबू भीड़: कुर्सियां तोड़ीं, बोतलें फेंकी, टेंट जलाया
कोलकाता के विवेकानंद युवाभारती क्रीड़ांगन (साल्टलेक स्टेडियम) में शनिवार सुबह अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोन मेसी के सम्मान में आयोजित समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब हजारों रुपये के टिकट खरीदकर पहुंचे दर्शक अपने पसंदीदा खिलाड़ी को ठीक से नहीं देख पाए।
कोलकाता. कोलकाता के विवेकानंद युवाभारती क्रीड़ांगन (साल्टलेक स्टेडियम) में शनिवार सुबह अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोन मेसी के सम्मान में आयोजित समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब हजारों रुपये के टिकट खरीदकर पहुंचे दर्शक अपने पसंदीदा खिलाड़ी को ठीक से नहीं देख पाए। वीवीआईपी और सुरक्षा घेरे के कारण निराश दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मैदान में पानी की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं।
हालात बिगड़े, मेसी को स्टेडियम से निकाला गया
स्थिति को बिगड़ता देख आयोजकों ने तुरंत मेसी को स्टेडियम से बाहर निकालकर एयरपोर्ट रवाना कर दिया। जानकारी के मुताबिक, मेसी वहां से हैदराबाद के लिए रवाना हो गए, जहां उनके भारत दौरे के दूसरे चरण का कार्यक्रम निर्धारित है। मेसी के चले जाने के बाद भीड़ और उग्र हो गई। दर्शकों ने कुर्सियां तोड़ दीं, फेंसिंग फांदकर ग्राउंड में घुस गए और समारोह के लिए तैयार की गई संरचनाओं को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान टेंट में आग लगा दी गई और गोलपोस्ट का जाल भी फाड़ दिया गया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लौटीं, शाहरुख खान भी नहीं पहुंचे
समारोह में शामिल होने जा रहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सुरक्षा कारणों से बीच रास्ते से ही लौट गईं। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
इस कार्यक्रम में आमंत्रित बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को भी घटना की सूचना मिलने पर स्टेडियम नहीं ले जाया गया। वे मुंबई लौट गए। हालांकि, उन्होंने होटल में ही मेसी से मुलाकात कर ली थी।
सौरव गांगुली भी लौटे, खेल मंत्री रहे मौजूद
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख वे भी वहां से निकल गए। घटना के समय राज्य के खेल मंत्री अरूप विश्वास स्टेडियम में मौजूद थे।
मुख्य आयोजक गिरफ्तार, टिकट का पैसा लौटाने का आश्वासन
पुलिस ने मेसी के भारत दौरे के मुख्य आयोजक शताद्रु दत्ता को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, अतिरिक्त महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) जावेद शमीम ने बताया कि आयोजकों ने दर्शकों को टिकट का पूरा पैसा लौटाने का आश्वासन दिया है। गौरतलब है कि टिकटों की कीमत 5 हजार से 25 हजार रुपये तक थी।
सिर्फ 20 मिनट स्टेडियम में रहे मेसी
मेसी सुबह करीब 11.15 बजे स्टेडियम पहुंचे थे और मात्र 20 मिनट ही वहां रुक सके। दर्शकों का आरोप है कि मेसी को हर वक्त मंत्रियों, वीवीआईपी और सुरक्षाकर्मियों ने घेर रखा था। कोई ऑटोग्राफ ले रहा था तो कोई सेल्फी लेने में व्यस्त था, जिससे आम दर्शकों को मेसी को देखने का मौका नहीं मिल सका।
मुख्यमंत्री ने जताया खेद, जांच समिति गठित
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मेसी और खेलप्रेमियों से माफी मांगी है। उन्होंने मामले की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति असीम कुमार राय की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की है, जिसमें मुख्य सचिव और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को भी शामिल किया गया है।
70 फुट ऊंची प्रतिमा का किया उद्घाटन
उल्लेखनीय है कि मेसी शुक्रवार रात करीब 2.30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे थे और सीधे होटल चले गए थे। शनिवार सुबह समारोह में शामिल होने से पहले उन्होंने होटल से वर्चुअली 70 फुट ऊंची अपनी प्रतिमा का उद्घाटन किया। लेक टाउन इलाके में स्थापित यह प्रतिमा विश्व की सबसे ऊंची मेसी प्रतिमा बताई जा रही है।




