आइकॉनिक गानों को रीक्रिएट करना नहीं होता आसान: ‘राणाजी 2.0’ पर माहिरा शर्मा ने बयां किया अपना अनुभव
'करण अर्जुन' के आइकॉनिक गाने 'मुझको राणाजी माफ करना' का नया वर्जन 'राणाजी 2.0' रिलीज हुआ है। अभिनेत्री माहिरा शर्मा ने इसे रीक्रिएट करने के अपने अनुभव साझा किए।
भारतीय सिनेमा के 90 के दशक के लोकप्रिय गानों की चमक आज भी बरकरार है। वर्ष 1995 में प्रदर्शित हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘करण अर्जुन’ का प्रसिद्ध गीत ‘मुझको राणाजी माफ करना’ अब नए और आधुनिक अंदाज में ‘राणाजी 2.0’ के नाम से दर्शकों के सामने पेश किया गया है। इस नए म्यूजिक वीडियो में अभिनेत्री माहिरा शर्मा अपनी खास स्क्रीन प्रेजेंस और डांस मूव्स के साथ दिखाई दे रही हैं, जिसकी म्यूजिक इंडस्ट्री में काफी चर्चा हो रही है।
आइकॉनिक गानों के साथ जुड़ने पर होता है दबाव
नए वर्जन को लेकर अभिनेत्री माहिरा शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले से ही सुपरहिट और आइकॉनिक रहे किसी गाने को रीक्रिएट करना बिल्कुल भी आसान नहीं होता। जब कोई कलाकार ऐसे क्लासिक प्रोजेक्ट से जुड़ता है तो दर्शकों की अपेक्षाओं का भारी दबाव रहता है। उन्होंने प्रयास किया है कि गाने की मूल भावना और पुराने अहसास को कायम रखते हुए उसमें अपनी नई ऊर्जा और आधुनिक स्टाइल का समावेश किया जाए।
रेमो डिसूजा की कोरियोग्राफी और तनिष्क बागची का संगीत
इस म्यूजिक वीडियो का निर्देशन और डांस कोरियोग्राफी जाने-माने कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने संभाली है। उन्होंने बताया कि नृत्य शैली में आए बदलावों को ध्यान में रखते हुए दृश्यों को आधुनिक और मनोरंजक बनाया गया है। वहीं संगीतकार तनिष्क बागची ने स्पष्ट किया कि गाने के मूल अहसास को सुरक्षित रखते हुए इसमें आज के दौर का फ्रेश साउंड जोड़ा गया है। टिप्स म्यूजिक द्वारा जारी इस ट्रैक में इला अरुण और अलका याज्ञनिक की मूल आवाजों को ही बरकरार रखा गया है।




