स्टुअर्ट ब्रॉड का इंग्लैंड टीम पर बड़ा बयान, बोले- आठवें नंबर की टीम की तरह ही खेल रही है
भारत के खिलाफ हार के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड ने इंग्लैंड की वनडे टीम पर सवाल उठाए। उन्होंने विश्व कप की तैयारी को देखते हुए टीम में एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज शामिल करने की सलाह दी।
भारत के खिलाफ पहले वनडे में मिली हार के बाद इंग्लैंड की टीम को अपने ही पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है। ब्रॉड का मानना है कि मौजूदा प्रदर्शन विश्व रैंकिंग में टीम की स्थिति को ही दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड को खिलाड़ियों की भूमिकाओं में स्पष्टता और अनुभव बढ़ाने के साथ गेंदबाजी आक्रमण को भी मजबूत करने की जरूरत है।
वनडे विश्व कप की तैयारी के लिए अतिरिक्त तेज गेंदबाज की सलाह
स्टुअर्ट ब्रॉड ने कहा कि आगामी वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए इंग्लैंड को अपने प्लेइंग इलेवन में एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज शामिल करना चाहिए। उनके अनुसार दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया जैसी परिस्थितियों में तेज गेंदबाज निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए टीम को अभी से ऐसे गेंदबाजों को अधिक अवसर देकर बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार करना चाहिए।
स्पिन विकल्प पर्याप्त, तेज गेंदबाजी पर देना होगा ज्यादा ध्यान
ब्रॉड का मानना है कि इंग्लैंड के पास स्पिन विभाग में पहले से पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं। आदिल राशिद, लियाम डॉसन और विल जैक्स के अलावा जैकब बेथेल और जो रूट भी जरूरत पड़ने पर स्पिन गेंदबाजी कर सकते हैं। ऐसे में टीम संतुलन बनाए रखने के लिए एक स्पिनर की जगह अतिरिक्त तेज गेंदबाज को मौका देना अधिक लाभदायक साबित हो सकता है।
जोफ्रा आर्चर पर अधिक निर्भरता ठीक नहीं
पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि विकेट लेने की जिम्मेदारी केवल जोफ्रा आर्चर पर नहीं छोड़ी जा सकती। उनके अनुसार टीम को ऐसा संतुलित गेंदबाजी आक्रमण तैयार करना होगा, जो शुरुआती और मध्य ओवरों में लगातार विकेट निकाल सके। उन्होंने जोश टंग की विकेट लेने की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि ब्रायडन कार्स, गस एटकिंसन और साकिब महमूद जैसे तेज गेंदबाजों को भी लगातार मौके देकर मजबूत तेज गेंदबाजी इकाई तैयार करना समय की जरूरत है।




