डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर CM विष्णुदेव साय ने किया नमन, बोले- उनके रास्ते पर चलकर बनाएंगे सशक्त भारत
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया।
रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रख्यात शिक्षाविद् और महान राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें सादर नमन किया। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में सीएम साय ने डॉ. मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री साय ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के देश के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि वे मां भारती के सच्चे सपूत थे। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया और अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया।
विकसित और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार और सिद्धांत आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं। उनके दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए हम सब मिलकर एक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का निर्माण करने के लिए संकल्पित हैं। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा समेत कई अन्य गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।




