केतन मर्डर केस: ‘सिर कुचला था, लोग रो रहे थे लेकिन सिया शांत थी…’, रेस्क्यू टीम का रूह कंपाने वाला दावा
पुणे केतन मर्डर केस में नया मोड़! रेस्क्यू टीम के सुनील गायकवाड़ का दावा- 'केतन का सिर कुचला था, सब रो रहे थे लेकिन सिया शांत थी'। जानें सिया और केतन की 238 घंटे की कॉल डिटेल और भाई साहिल से हुई 10 घंटे की पूछताछ का पूरा सच।
पुणे. महाराष्ट्र के चर्चित केतन मर्डर केस में हर बीतते दिन के साथ बेहद चौंकाने वाले और सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। अब केतन का शव बरामद करने वाली रेस्क्यू टीम के सदस्य सुनील गायकवाड़ ने एक ऐसा दावा किया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। गायकवाड़ के मुताबिक, जब घटनास्थल पर केतन का शव मिला तो उसकी हालत खौफनाक थी, लोग वहाँ रो-बिलख रहे थे, लेकिन मुख्य आरोपी सिया गोयल के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी—वह बिल्कुल शांत खड़ी थी।
खोपड़ी कुचली हुई थी, हाथ-पैर पर थे गंभीर घाव
रेस्क्यू टीम के सदस्य सुनील गायकवाड़ ने मीडिया के सामने घटना वाले दिन का खौफनाक मंजर बयां किया। उन्होंने बताया, “केतन का सिर और खोपड़ी बुरी तरह कुचली हुई थी। उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और हाथ-पैर भी कई जगह से टूटे और जख्मी थे। वहाँ मौजूद हर शख्स मदद के लिए चिल्ला रहा था, लोगों की आँखों में आँसू थे, लेकिन सिया गोयल वहाँ एकदम खामोश और शांत खड़ी थी।” गायकवाड़ ने आगे बताया कि घने जंगल का रास्ता होने के कारण शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। 18 जून की सुबह 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके बाद दोपहर 12:30 बजे तक रेस्क्यू चला और करीब 1:30 बजे शव को एम्बुलेंस तक पहुँचाया जा सका।
सिया के भाई साहिल से 10 घंटे तक मैराथन पूछताछ
केतन की बेरहमी से हुई हत्या के मामले में पुलिस की सुई अब सिया के परिवार पर भी घूम रही है। पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल को हिरासत में लेकर करीब 10 घंटे तक कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में साहिल ने कई अहम राज उगले हैं। साहिल ने कबूल किया कि वह केतन को पहले से जानता था और केतन व सिया की नजदीकियां उसकी आँखों के सामने ही बढ़ी थीं।
क्रिकेट मैच और दीवाली पार्टी से शुरू हुई थी लव स्टोरी
साहिल गोयल ने पुलिस को बताया कि सिया अक्सर उसके साथ क्रिकेट मैच देखने जाया करती थी। वहीं पर पहली बार सिया और केतन की मुलाकात हुई थी। इसके बाद पिछले साल एक कॉमन दोस्त की दीवाली पार्टी में दोनों दोबारा मिले। इस पार्टी के बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ा और वे एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए।
6 महीने में 2000 कॉल्स और 238 घंटे का ‘कॉल रिकॉर्ड’
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, केतन और सिया के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने पर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। जनवरी से लेकर अब तक (पिछले करीब 6 महीनों में) दोनों के बीच 2000 से ज्यादा बार फोन पर बातचीत हुई थी। इन कॉल्स की कुल अवधि लगभग 238 घंटे है। पुलिस अब इन कॉल्स के डेटा और साहिल के बयानों को जोड़कर हत्या की असली वजह (Motives) का पता लगाने में जुटी है।




