छत्तीसगढ़

Koriya Triple Murder: नौगई हत्याकांड के पीड़ितों से मिले मंत्री रामविचार नेताम, परिजनों ने की CBI जांच और बुलडोजर एक्शन की मांग!

Chhattisgarh Koriya Murder: कोरिया के नौगई तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिले मंत्री रामविचार नेताम। परिजनों ने की CBI जांच और आरोपियों के घर बुलडोजर कार्रवाई की मांग। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित और रूह कंपा देने वाले ‘नौगई तिहरे हत्याकांड’ को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। इसी बीच प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात करने नौगई गांव का दौरा किया। मंत्री नेताम ने मृतक भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान पीड़ित परिवार ने आरोपियों के हौसले पस्त करने के लिए उनके घरों पर बुलडोजर चलाने और मामले की निष्पक्ष CBI जांच कराने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई है।

रेत विवाद में फॉर्च्यूनर को घेरा, पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाया

दरअसल, यह खौफनाक वारदात सोनहत के नौगई गांव की है। पुलिस जांच के अनुसार, नौगई रेत घाट के ठेके और अवैध खनन को लेकर भाजपा नेता भरत सिंह और आरोपी मनोज त्रिपाठी के परिवार के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। 16 जून की देर रात, आरोपियों ने साजिश के तहत भरत सिंह की फॉर्च्यूनर कार के आगे-पीछे हाईवा वाहन अड़ाकर उन्हें घेर लिया। इसके बाद कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। कार में सवार भरत सिंह की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि जान बचाकर बाहर निकले उनके भाई नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की लाठी-डंडों व फरसे से बेरहमी से पिटाई की गई, जिन्होंने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।

8 आरोपी गिरफ्तार, मंत्री बोले— बख्शे नहीं जाएंगे दोषी

मंत्री रामविचार नेताम के दौरे के दौरान स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े और कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद रहे। परिजनों ने मामले में शामिल अन्य पर्दे के पीछे के चेहरों को भी बेनकाब करने की मांग की है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक, इस जघन्य हत्याकांड में कुल 9 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है, जिनमें से मुख्य आरोपी अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनोज त्रिपाठी समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की एक विशेष टीम फरार चल रहे आखिरी आरोपी की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button