मध्य प्रदेश

‘स्वस्थ शरीर, खुशहाल जीवन’: सीएम मोहन यादव के संदेश के साथ राहगीरी आनंद उत्सव शुरू

उज्जैन में राहगीरी आनंद उत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। योग, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। पारंपरिक खेल, नृत्य, संस्कृति और दिनभर के विकास कार्यों का लोकार्पण।

उज्जैन. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान राहगीरी आनंद उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और लोगों को योग, सुबह की सैर और नियमित व्यायाम अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य और निरोगी परिवार से बड़ा कोई सुख नहीं है।

राहगीरी में दिखा संस्कृति, खेल और मनोरंजन का संगम

कोठी रोड पर आयोजित राहगीरी आनंद उत्सव में पारंपरिक खेल, योग, नृत्य, संगीत और मनोरंजन का जीवंत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचे। आयोजन के दौरान स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया और नगर निगम के कर्मचारी लगातार सफाई व्यवस्था में जुटे रहे।

इस अवसर पर शहर के विकास पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। उज्जैन के परंपरागत लाठी खेल संघ ने दमदार करतब दिखाए। महापौर मुकेश टटवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने भी लाठी घुमाकर उत्साह बढ़ाया। युवा बीच सड़क पर गरबा और डांस करते नजर आए।

मुख्यमंत्री को देखने उमड़ा जनसैलाब

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित दिखे। लोगों ने साफा और मालाएं पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बैलगाड़ी की सवारी की और 100 से अधिक मंचों पर जाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

देशी खेलों और पौष्टिक आहार पर जोर

राहगीरी में अंटी (कंचे), रस्सीकूद, बोरा दौड़ और सितोलिया जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। साथ ही गरबा, मालवी और हरियाणवी नृत्य, योग, एरोबिक, मलखंभ और अखाड़ा प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम स्थल पर खाने-पीने के कई स्टॉल लगाए गए। कृषि विभाग द्वारा मोटे अनाज से बने हलवा, लड्डू और खिचड़ी का निःशुल्क वितरण किया गया। पोहा, जूस, फल, अंकुरित आहार और सूप के स्टॉल भी लगाए गए। प्रेस क्लब उज्जैन की ओर से दूध-जलेबी का निःशुल्क काउंटर विशेष आकर्षण रहा।

मुख्यमंत्री के दिनभर के प्रमुख कार्यक्रम

राहगीरी कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री—

  • ‘उड़ान’ कार्यक्रम में मानसिक रूप से कमजोर और दृष्टिबाधित बच्चों से मुलाकात करेंगे।
  • अटल परिसर, फाजलपुरा में नवनिर्मित स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट कॉम्प्लेक्स (लगभग 28.31 करोड़ रुपये की लागत) का लोकार्पण करेंगे।
  • आरडी गार्गी मेडिकल कॉलेज के नए ऑडिटोरियम और कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन कर रजत जयंती समारोह में शामिल होंगे।
  • हरि फाटक पुल को दो लेन से छह लेन करने के कार्य का भूमिपूजन करेंगे।
  • रत्नाखेड़ी में पाटीदार समाज कार्यालय का भूमिपूजन, ग्राम डेंडिया में महालोक होटल एवं रिसॉर्ट का शुभारंभ तथा विद्या भारती भवन में निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर की शुरुआत करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button