मध्य प्रदेश

सोमनाथ मंदिर हमले के खिलाफ एकजुट हुआ देश, महाकाल मंदिर से शुरू हुआ शिव उपासना अभियान

उज्जैन के महाकाल मंदिर में BJP प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दर्शन कर देश की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की, शिव आराधना अभियान में शामिल होने की अपील।

उज्जैन. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार सुबह महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर देश की सुख-समृद्धि, शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए प्रार्थना की। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर हुए हमले के बाद प्रधानमंत्री के आह्वान पर पूरे देश में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नागरिकों से भगवान शिव की आराधना करने की अपील की गई है।

पार्टी विधायकों और पदाधिकारियों के साथ किया पूजन

हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि इसी अभियान के क्रम में उन्होंने आज महाकाल मंदिर में पार्टी के विधायकों, जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के साथ भगवान महाकाल के दर्शन किए और जयकारे लगाए। उन्होंने कहा कि शिव आराधना के माध्यम से राष्ट्र में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और शांति का संचार होता है।

नागरिकों से शिव आराधना की अपील

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों और देशभर के नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी शिव मंदिरों में जाकर ॐ नमः शिवाय का जाप करें और देश की शांति, समृद्धि एवं सामाजिक सौहार्द के लिए प्रार्थना करें।

देश सेवा की शक्ति देने की कामना

खंडेलवाल ने कहा कि भगवान महाकाल सभी के जीवन में शांति और समृद्धि प्रदान करें तथा हम सभी को मिलकर राष्ट्र सेवा करने की शक्ति दें। इसी भावना के साथ महाकाल मंदिर से इस अभियान की शुरुआत की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button