मध्य प्रदेश

महाकाल की सवारी में जेबकतरों का आतंक, उज्जैन में 50 से ज्यादा श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और चेन चोरी

उज्जैन में सावन सोमवार को निकली भगवान महाकाल की सवारी के दौरान जेबकतरों और चेन स्नेचरों ने जमकर उत्पात मचाया। 50 से ज्यादा श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और सोने की चेन चोरी हुई। पुलिस ने दो दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

उज्जैन: सावन मास के सोमवार को उज्जैन में निकली भगवान श्री महाकाल की भव्य सवारी में जेबकतरों और चेन स्नेचरों की दबंगई देखने को मिली। सवारी और मंदिर दर्शन के दौरान चोरों ने भारी भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं को जमकर निशाना बनाया। घटना के बाद महाकाल, कोतवाली और खाराकुआं थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स, नकदी और सोने की चेन चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है और दो दर्जन से अधिक संदिग्ध महिला व पुरुष बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

3 लाख से ज्यादा की भीड़, लाइन में लगे लोगों को बनाया निशाना

सोमवार को बाबा महाकाल के दर्शन के लिए करीब तीन लाख से अधिक श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे थे, जबकि सवारी मार्ग पर लगभग डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों का हुजूम था। दर्शन की कतार और सवारी के दौरान मची गहमागहमी का फायदा उठाकर बदमाशों ने लोगों के जेब से पर्स, नकदी और मोबाइल पार कर दिए। इसके अलावा, पांच से अधिक महिला श्रद्धालुओं ने गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटने की शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के दावों की खुली पोल, 21 संदिग्धों को पकड़ने के बाद भी हुई चोरियां

सवारी से ठीक एक दिन पहले उज्जैन पुलिस ने जेबकतरों और शातिर गिरोहों पर नकेल कसने के लिए विशेष तलाशी अभियान चलाया था। शंकरपुर, पारी डेरा, छुमछुम बाबा डेरा, मालगोदाम मार्ग, नगर निगम परिसर, कार्तिक मेला मैदान, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड समेत कई ठिकानों पर दबिश देकर 21 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था।

हालांकि, इस विशेष सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा के दावों के बावजूद सवारी के दिन इतने बड़े पैमाने पर चोरियां होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र बना स्नेचिंग का केंद्र

चोरों ने सबसे ज्यादा वारदात हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र में अंजाम दीं।

  • रतलाम की पीड़िता: रतलाम निवासी अनिता और उनकी रिश्तेदार आरती जब हरसिद्धि चौराहे पर थीं, तब बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र गायब कर दिए।
  • मुंबई की पीड़िता: मुंबई से आईं श्रद्धालु श्रीजी ने आरोप लगाया कि एक शातिर महिला भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से सोने की चेन खींचकर रफूचक्कर हो गई।

फिलहाल पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button