मध्य प्रदेश

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! भोपाल मंडल से चलने वाली 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े

त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भोपाल मंडल होकर चलने वाली 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों का विस्तार किया गया है। इंदौर-सूबेदारगंज, बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और उधना-प्रयागराज स्पेशल ट्रेनें निर्धारित अवधि तक अतिरिक्त फेरे लगाएंगी।

भोपाल। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए भोपाल मंडल होकर संचालित होने वाली तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों को दोबारा बढ़ाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों के अतिरिक्त फेरों से त्योहारों के दौरान अलग-अलग शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

इंदौर-सूबेदारगंज स्पेशल के फेरे बढ़े

इंदौर से सूबेदारगंज के बीच रूठियाई, गुना और शिवपुरी होकर चलने वाली ट्रेन संख्या 04170 इंदौर-सूबेदारगंज स्पेशल का संचालन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। यह ट्रेन इस अवधि में प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को संचालित होगी। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04169 सूबेदारगंज-इंदौर स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चलेगी।

बांद्रा टर्मिनस-झांसी स्पेशल का विस्तार

बांद्रा टर्मिनस से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच चाचौड़ा बीनागंज, रूठियाई, गुना और शिवपुरी होकर चलने वाली ट्रेन संख्या 02200 बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्पेशल के फेरों को भी बढ़ाया गया है। यह ट्रेन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 02199 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल 1 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी।

उधना-प्रयागराज स्पेशल भी चलेगी अतिरिक्त फेरे

उधना से प्रयागराज के बीच रूठियाई और गुना होकर चलने वाली ट्रेन संख्या 04106 उधना-प्रयागराज स्पेशल का संचालन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04105 प्रयागराज-उधना स्पेशल 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को संचालित की जाएगी।

समय-सारणी की जानकारी रेलवन ऐप पर

सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के अनुसार, इन स्पेशल ट्रेनों के ठहराव, समय-सारणी और कोच संरचना से जुड़ी विस्तृत जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से भी ट्रेनों से संबंधित नवीनतम विवरण प्राप्त कर सकते हैं। त्योहारों के दौरान बढ़ी यात्री मांग को देखते हुए इन ट्रेनों के विस्तारित फेरों से यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button