मध्य प्रदेश

प्रदेश में युवाओं के लिए बड़ा मौका, 559 पदों पर ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग; 10 हजार तक स्टाइपेंड

मध्य प्रदेश में सीखो-कमाओ योजना के तहत 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पदों पर आवेदन का मौका है। पात्र युवा 15 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश में युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ कमाई का मौका दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पद जारी किए हैं। पात्र युवा 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

559 पदों पर मिलेगा ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग का मौका

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने 559 प्रशिक्षण पद उपलब्ध कराए हैं। चयनित युवाओं को कंपनी के विभिन्न कार्यालयों और विद्युत गृहों में एक साल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। ट्रेनिंग के दौरान पात्र प्रशिक्षणार्थियों को 8 हजार से 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड मिलेगा।

यह अवसर डिग्री, डिप्लोमा और निर्धारित अन्य शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए है, जो नौकरी की तलाश में हैं और पावर प्रोडक्शन सेक्टर में व्यावहारिक अनुभव हासिल करना चाहते हैं।

इन क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के लिए युवाओं को जबलपुर स्थित पावर कंपनी मुख्यालय के अलावा प्रदेश के विभिन्न जल एवं ताप विद्युत गृहों में काम करने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के दौरान इलेक्ट्रीशियन, इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी एवं सिस्टम मेंटेनेंस, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, स्टेनो हिंदी-अंग्रेजी, सिविल इंजीनियरिंग, मानव संसाधन और अकाउंट्स सहित अलग-अलग कार्यक्षेत्रों में अनुभव दिया जाएगा।

इससे प्रशिक्षणार्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता से जुड़े काम को समझने के साथ विद्युत उत्पादन और कंपनी के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

एक साल की ट्रेनिंग, 8 से 10 हजार रुपये तक स्टाइपेंड

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित पात्रता के आधार पर प्रशिक्षणार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को उनकी पसंद की कार्यश्रेणी और जिले के अनुसार कंपनी के कार्यालयों या विद्युत गृहों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण शुरू होने के एक महीने बाद पात्रता के अनुसार 8 हजार से 10 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलना शुरू होगा। प्रशिक्षण की कुल अवधि एक वर्ष तय की गई है।

18 से 29 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन

योजना के लिए आवेदक का मध्य प्रदेश का स्थानीय निवासी होना जरूरी है। आयु सीमा 18 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। अलग-अलग प्रशिक्षण श्रेणियों के अनुसार 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक की योग्यता जरूरी होगी।

आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button