यूपी में आतंकी खतरे को लेकर हाई अलर्ट, मुख्यमंत्री आवास से कांवड़ मार्गों तक सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
यूपी में मुख्यमंत्री आवास, विधानसभा और कांवड़ यात्रा मार्गों पर आतंकी हमले के इनपुट के बाद हाई अलर्ट जारी। ISI और गैंगस्टर शहजाद भट्टी मॉड्यूल पर एटीएस की पैनी नजर। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आवास, विधानसभा और कांवड़ यात्रा मार्गों पर आतंकी हमले के गहरे खतरे को देखते हुए पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हाल ही में हुई आतंकी घटना के बाद मिले खुफिया (इंटेलिजेंस) इनपुट्स के आधार पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, यूपी में आतंकी साजिश रचने के पीछे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। इसके मद्देनजर लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा समेत तमाम संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल और एटीएस की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
CM योगी ने संभाली कमान, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
शनिवार देर रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। डीजीपी ने उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) की सभी टीमों को लखनऊ और कांवड़ यात्रा से जुड़े संवेदनशील जिलों में तैनात कर चेकिंग अभियान तेज करने को कहा है।
कुलगाम हमले के बाद सामने आया बड़ा इनपुट
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों द्वारा एक मजदूर की हत्या किए जाने के बाद यह नया इनपुट मिला है। बीते 10 दिनों में जम्मू-कश्मीर में यह दूसरा बड़ा हमला था। इससे पहले अनंतनाग में अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर आतंकी हमला हुआ था, जिसके बाद 3 हजार से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ISI के इशारे पर गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने बनाए मॉड्यूल
खुफिया रिपोर्टों में खुलासा हुआ है कि आईएसआई (ISI) के इशारे पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने यूपी में कट्टरपंथी युवाओं के कई स्थानीय मॉड्यूल तैयार किए हैं। बिजनौर में एक वाहन को आग लगाने की घटना के बाद जब एटीएस ने जांच शुरू की, तो पिछले ढाई महीनों में शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े करीब डेढ़ दर्जन संदिग्धों को दबोचा गया।
मॉनसून सत्र और कांवड़ यात्रा को लेकर एटीएस की खास तैयारी
हाल ही में बलरामपुर से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी शहरोज से एटीएस पुलिस कस्टडी रिमांड पर गहन पूछताछ कर रही है। शहरोज मुंबई में रहकर शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में था और उसे यूपी में अलग-अलग टास्क सौंपे गए थे। सोमवार से उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र भी शुरू हो रहा है, जिसे देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।



